अमेरिका में 23 वर्षीय भारतीय छात्रा लापता सोर्स: एक्स/ @KomatireddyKVR
देश

अमेरिका में 23 वर्षीय भारतीय छात्रा लापता, विदेश मंत्रालय और बोस्टन पुलिस से मदद की गुहार

Indian Student Goes Missing in US: अमेरिका में भारतीय छात्रा लापता हो गई हैं। तेलंगाना सरकार में सड़क एवं भवन मंत्री कोमाटिरेड्डी वेंकट रेड्डी ने विदेश मंत्रालय, बोस्टन पुलिस से मदद की गुहार लगाई है।

सुप्रिया रानी

HIGHLIGHTS

  • अमेरिका में 23 वर्षीय भारतीय छात्रा श्रीजा रेड्डी लापता

  • तेलंगाना की छात्रा श्रीजा रेड्डी कोया 2 नवंबर से लापता

  • विदेश मंत्रालय और बोस्टन पुलिस से मदद की गुहार

Sreeja Reddy Missing: अमेरिका के बोस्टन में भारत की 23 वर्षीय छात्रा के लापता होने की खबर सामने आई है। बता दें कि तेलंगाना की छात्रा श्रीजा रेड्डी कोया 2 नवंबर से लापता है। वे यूनिवर्सिटी ऑफ मैसाचुसेट्स बोस्टन में पढ़ाई कर रही थीं।

हालांकि बोस्टन पुलिस ने 5 नवंबर को उसकी गुमशुदगी का अलर्ट जारी किया है और लोगों से उन्हें खोजने में मदद मांगी है। इस बीच तेलंगाना सरकार में सड़क एवं भवन मंत्री कोमाटिरेड्डी वेंकट रेड्डी ने मामले में तत्काल हस्तक्षेप के लिए विदेश मंत्रालय, भारतीय अधिकारियों और बोस्टन पुलिस से अपील की है।

आखिरी बार काली जैकेट और नीली जींस में देखा गया था

2 नवंबर की रात करीब 9:45 बजे डोरचेस्टर इलाके के एडिसन ग्रीन स्थित अपने आवास से श्रीजा काली जैकेट और नीली जींस पहनकर बाहर निकली थी। पुलिस को आशंका है कि वो कार्सन बीच या हार्बर पॉइंट इलाके में गई थी।

पुलिस ने लोगों से अपील की है कि यदि श्रीजा कहीं भी दिखाई दे तो तत्काल इसकी सूचना दें। जानकारी देने के लिए 911 या डिस्ट्रिक्ट C-11 (डोरचेस्टर) डिटेक्टिव्स के नंबर (617) 343-4335 पर संपर्क किया जा सकता है। इसके अलावा क्राइमस्टॉपर्स टिप लाइन पर 1-800-494-TIPS पर कॉल या 27463 पर 'TIP' लिखकर मैसेज भी किया जा सकता है। पुलिस ने ये भी सुनिश्चित किया है कि जानकारी देने वाले की पहचान गोपनीय बनी रहेगी।

कमरे के आसपास मिली आखिरी लोकेशन

जानकारी के मुताबिक, श्रीजा के पिता कोय्या यदागिरी रेड्डी ने बताया कि उनकी बेटी श्रीजा करीब डेढ़ साल पहले पढ़ाई के लिए अमेरिका गई थी। वहां पढ़ाई के साथ वे पार्ट टाइम जॉब भी करती थीं। 2 नवंबर को कॉलेज से घर वापस लौटने के बाद वे टहलने के लिए बाहर निकली। इसके बाद से ही उनका मोबाइल फोन बंद है।

तेलंगाना के मंत्री ने विदेश मंत्रालय से मदद की गुहार लगाई

तेलंगाना राज्य के सड़क एवं भवन मंत्री कोमाटिरेड्डी वेंकट रेड्डी ने सोशल मीडिया 'एक्स' पर पोस्ट कर श्रीजा के लापता होने पर गहरी चिंता जताई है।

उन्होंने बोस्टन स्थित भारतीय वाणिज्य दूतावास, अमेरिका में भारतीय दूतावास, विदेश मंत्रालय और बोस्टन पुलिस से तत्काल कार्रवाई करने की अपील की है। साथ ही साथ मंत्री ने विदेश मंत्रालय के कांसुलर, पासपोर्ट एवं वीजा (सीपीवी) प्रभाग से भी हस्तक्षेप करने का अनुरोध किया है।

छठ और दिवाली पर दिल्ली-एनसीआर रेलवे स्टेशनों पर उमड़ी भारी भीड़, 18 हजार स्पेशल ट्रेनों का संचालन

धनतेरस पर बना नया रिकॉर्ड! सोने-चांदी की बिक्री ₹66,000 करोड़ पार, स्वदेशी की जबरदस्त मांग

दीपावली में अबतक 6 लाख करोड़ का व्यापार, वोकल फॉर लोकल बनी ग्राहकों की पहली पसंद

AI में आत्मनिर्भर बनाएगी IIT: केंद्र सरकार दे रही प्रोत्साहन, देश को आत्मनिर्भर बनाने की ऐसी है तैयारी

40 लाख युवा हथियार के साथ खड़े है, इरफान अंसारी के बयान पर BJP का पलटवार, राहुल गांधी का भी जिक्र