हिमाचल प्रदेश में महंगाई भत्ते (DA) में 5 प्रतिशत बढ़ोतरी की घोषणा।
चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों को 10 हजार रुपये, यह राशि 1 नवंबर को खाते में पहुंचने की बात कही गई है।
पेंशनरों की महंगाई राहत बढ़ी, 1 जनवरी 2024 से DR की दर 46% से बढ़ाकर 50% की गई है।
HImachal Pradesh DA Hike: हिमाचल प्रदेश के सरकारी कर्मचारियों को दिवाली से पहले राहत देते हुए मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने महंगाई भत्ते (DA) में 5 प्रतिशत बढ़ोतरी की घोषणा की है। इसमें 1 प्रतिशत पहले से लंबित महंगाई भत्ता भी शामिल है। मुख्यमंत्री की घोषणा के अनुसार, चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों को 10 हजार रुपये अतिरिक्त दिए जाएंगे। कर्मचारियों के खाते में यह राशि 1 नवंबर को पहुंच जाएगी। सरकार ने इस संबंध में अधिसूचना जारी कर दी है।
इसके साथ ही सुक्खू सरकार ने सरकारी पेंशनरों और पारिवारिक पेंशनरों के लिए महंगाई राहत (DR) बढ़ाने के आदेश भी जारी किए हैं। वित्त विभाग के कार्यालय ज्ञापन के अनुसार, 1 जनवरी 2024 से महंगाई राहत की दर 46 प्रतिशत से बढ़ाकर 50 प्रतिशत कर दी गई है। वहीं, 1 जुलाई 2023 से महंगाई राहत 45 प्रतिशत से बढ़ाकर 46 प्रतिशत की गई है।
सरकारी आदेश के मुताबिक, बढ़ी हुई महंगाई राहत अक्टूबर 2026 की पेंशन के साथ देय होगी। इसका भुगतान नवंबर 2026 में किया जाएगा। इस फैसले का लाभ हिमाचल प्रदेश सरकार के पेंशनरों और पारिवारिक पेंशनरों के अलावा अखिल भारतीय सेवा (AIS) के पेंशनरों और पारिवारिक पेंशनरों को भी मिलेगा।
सरकार ने स्पष्ट किया है कि 1 जुलाई 2023 से 30 सितंबर 2026 तक की अवधि के महंगाई राहत के एरियर के भुगतान पर अलग से उचित समय पर निर्णय लिया जाएगा।
मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने प्रदेश की आर्थिक स्थिति और कर्ज को लेकर भी अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि यदि हिमाचल प्रदेश को केंद्र सरकार से राजस्व घाटा अनुदान (RDG) मिलता रहता, तो राज्य वर्ष 2027 तक आत्मनिर्भर हो जाता। मुख्यमंत्री ने RDG को प्रदेश की आर्थिक स्थिति से जोड़ते हुए कहा कि केंद्रीय सहायता जारी रहने से राज्य को आत्मनिर्भर बनाने का लक्ष्य हासिल करने में मदद मिलती।
मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर भी भाजपा पर निशाना साधा। उन्होंने दावा किया कि आगामी चुनाव में भाजपा के 16 विधायक भी जीतकर नहीं आएंगे। उनका यह बयान प्रदेश में अगले विधानसभा चुनाव से पहले सियासी माहौल के बीच आया है।