Surat MSRTC Bus Accident: गुजरात के सूरत जिले में बारडोली के पास मंगलवार को महाराष्ट्र राज्य सड़क परिवहन निगम (MSRTC) की दो बसों के बीच भीषण टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि एक बस पलट गई और उसमें आग लग गई। इस दर्दनाक हादसे में कम से कम पांच लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 10 से अधिक यात्री घायल हो गए। घटना नेशनल हाईवे-53 पर हुई। पुलिस, दमकल विभाग और राहत-बचाव दल मौके पर पहुंचकर राहत कार्य में जुटे हैं। घायलों को नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है, जबकि आग पर काबू पाने की कोशिश जारी है।
गुजरात पुलिस के अनुसार, सूरत जिले के बारडोली तालुका के उवा गांव के पास महाराष्ट्र राज्य सड़क परिवहन निगम की दो बसों की आमने-सामने टक्कर हो गई। हादसा इतना भयावह था कि एक बस सड़क किनारे पलट गई और उसमें आग लग गई। आग लगने के बाद कई यात्री बस के भीतर फंस गए, जिससे स्थिति और गंभीर हो गई।
बारडोली ग्रामीण पुलिस इंस्पेक्टर पी.एन. जडेजा ने बताया कि दुर्घटना में पांच लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं 10 से अधिक यात्री घायल हुए हैं, जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है। अधिकारियों के मुताबिक हादसे के कारणों की जांच की जा रही है और अभी यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि दोनों बसों के बीच टक्कर कैसे हुई।
हादसे की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की कई गाड़ियां मौके पर पहुंच गईं। आग बुझाने और यात्रियों को सुरक्षित निकालने का काम तेजी से शुरू किया गया। जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी भी घटनास्थल पर पहुंचे और बचाव कार्य की निगरानी की। स्थानीय लोगों ने भी राहत कार्य में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक हादसे के तुरंत बाद आसपास के ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंचे और घायलों को बाहर निकालने में मदद की।
जानकारी के अनुसार, हादसे में शामिल अधिकांश यात्री महाराष्ट्र के निवासी बताए जा रहे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि बसों की रफ्तार काफी तेज थी। टक्कर के बाद एक बस बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई, जबकि दूसरी बस सड़क किनारे लगी रेलिंग तोड़ते हुए पलट गई और उसमें आग लग गई।
यह भी पढ़ें- सुबह-सुबह सिलेंडर ब्लास्ट से दहली दिल्ली, मुकुंदपुर में जमींदोज हुई इमारत, मलबे में दबे कई लोग- VIDEO
बस में लगी आग के कारण अंदर फंसे यात्रियों को निकालने में बचाव दल और स्थानीय लोगों को काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ा। फिलहाल राहत और बचाव अभियान जारी है तथा प्रशासन स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है।