Junagadh Husband Kills Wife: गुजरात के जूनागढ़ जिले के केशोद से पति-पत्नी की मौत का एक ऐसा सनसनीखेज मामला सामने आया है जिसने पूरे इलाके को हिलाकर रख दिया है। यहां एक तरफ रेलवे ट्रैक पर युवक का शव मिलने और दूसरी तरफ उसके घर में पत्नी की संदिग्ध लाश बरामद होने से पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है। इस दिल दहला देने वाली घटना ने उस वक्त एक नया मोड़ ले लिया, जब युवक की मौत से पहले रिकॉर्ड किया गया एक खौफनाक वीडियो पुलिस के हाथ लगा, जिसमें उसने खुद पत्नी की हत्या की बात कबूल की है।
आइए जानते हैं क्या है इस चौंकाने वाली मर्डर मिस्ट्री का पूरा सच।
यह दर्दनाक वारदात गुजरात के जूनागढ़ के केशोद स्थित एयरपोर्ट फाटक इलाके की है। यहां वेरावल-बांद्रा एक्सप्रेस की चपेट में आने से एक युवक की मौत हो गई। मृतक की पहचान केशोद अर्बन हेल्थ सेंटर में लैब टेक्नीशियन के तौर पर काम करने वाले गिरीशभाई बाबुभाई बालस के रूप में की गई।
जब पुलिस इस हादसे की तफ्तीश करने के उद्देश्य से गिरीशभाई के घर की तलाशी लेने पहुंची, तो अंदर का नजारा देखकर दंग रह गई। घर के अंदर उनकी पत्नी विपुला उर्फ विद्या का शव पड़ा हुआ था। शुरुआती जांच और पोस्टमार्टम से महिला की गला घोंटकर हत्या किए जाने की बात सामने आई है। इसके बाद पुलिस ने पति की मौत को सीधे तौर पर इस हत्याकांड से जोड़कर तफ्तीश तेज कर दी।
इस मर्डर मिस्ट्री को सुलझाने के लिए केशोद पुलिस को एक बहुत बड़ा और अहम सबूत हाथ लगा है। पुलिस को मृतक गिरीशभाई का मौत से ठीक पहले रिकॉर्ड किया गया लगभग 3.52 मिनट का एक वीडियो मिला है। इस वीडियो में गिरीशभाई ने अपनी शादीशुदा जिंदगी के कई हैरान करने वाले खुलासे किए हैं।
उन्होंने बताया कि करीब चार साल पहले दोनों ने लव मैरिज किया था। लेकिन शादी के बाद से ही उनके बीच लगातार झगड़े और घरेलू विवाद होने लगे। गिरीशभाई के मुताबिक, वह करीब छह महीने पहले ही अपनी पत्नी को उसके मायके से मनाकर वापस घर लेकर आए थे।
वीडियो में गिरीशभाई ने अपनी पत्नी पर मारपीट और मानसिक प्रताड़ना के गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका दावा था कि पत्नी लगातार उससे कहती थी कि वह उसे चैन से नहीं जीने देगी। इसी मानसिक तनाव और कलह से परेशान होकर उसने यह खौफनाक कदम उठाया।
अपनी पत्नी की हत्या की बात कबूल करते हुए उसने वीडियो में यहां तक कह दिया कि उसने 'पत्नी को मारा नहीं है, बल्कि उसका वध किया है'। हालांकि, पुलिस का कहना है कि वीडियो में युवक द्वारा लगाए गए इन आरोपों की अभी स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं की जा सकी है।
गिरीशभाई ने वीडियो में अपनी पत्नी की नौकरी से जुड़े एक बड़े विवाद का भी जिक्र किया था। उसके अनुसार, पत्नी इस बात से नाराज थी कि गिरीशभाई ने उसकी नौकरी छुड़वा दी थी। बाद में जब गिरीशभाई ने उसे दोबारा नौकरी करने को कहा, तो पत्नी इसके लिए राजी नहीं हुई।
डीवाईएसपी हितेश धांधलिया के मुताबिक, पुलिस अब इस पूरे मामले की हर एंगल से गहनता से जांच कर रही है। पुलिस घटनास्थल से मिले भौतिक साक्ष्यों, पोस्टमार्टम रिपोर्ट और वीडियो में लगाए गए आरोपों का बारीकी से मिलान कर रही है ताकि हत्या की वास्तविक वजह और घटनाक्रम को पूरी तरह साफ किया जा सके।