Bhavnagar Police Viral Video: गुजरात के भावनगर का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में एक व्यक्ति पुलिस की गाड़ी से बंधा हुआ नजर आ रहा है और एक पुलिसवाला उस पर लाठियां बरसा रहा है। व्यक्ति पर आरोप है कि उसने शहर के एक बस स्टैंड पर अपनी लिव-इन पार्टनर की पीट-पीटकर हत्या की थी। पुलिस आरोपी को क्राइम सीन रीक्रिएट करने पहुंची थी, ताकि घटनाक्रम को सही से समझा जा सके। क्राइम सीन रीक्रिएट के बाद पुलिस ने सरेआम उसकी पिटाई की।
जानकारी के मुताबिक, शनिवार (5 सितंबर) को भावनगर के एसटी बस स्टैंड पर क्राइम सीन रिकंस्ट्रक्शन के दौरान पुलिस ने आरोपी गाड़ी से बांधकर सबके सामने उसकी पिटाई की। आरोपी की पहचान फैसल उर्फ खटकी लखानी के रूप में हुई है। पुलिस ने उसे एक इरादतन अपराधी बताया है।
सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद इसे लेकर भावनगर पुलिस की प्रतिक्रिया सामने आई है। नीलमबाग पुलिस इंस्पेक्टर डीपी उनादकट जिन पर पिटाई में शामिल होने का आरोप है, उन्होंने पुलिस के इस कदम का खुलकर समर्थन किया है। उन्होंने पुलिस द्वारा फैसल की पिटाई किए जाने को लेकर कहा कि ऐसा करना जरूरी था, ताकि यह पक्का हो सके कि किसी और महिला के साथ ऐसा न हो।
हालांकि, पुलिस इंस्पेक्टर डीपी उनादकट द्वारा आरोपी की पिटाई को लेकर सोशल मीडिया पर लोग दो गुटों में बंट गए हैं। कुछ लोग पुलिस की कार्रवाई का समर्थन करते हुए इसे सही बता रहे हैं, तो वहीं कुछ लोगों ने इसे कानून के खिलाफ बताया। गुजरात में आरोपी की पिटाई के मामले ने इसलिए भी तूल पकड़ लिया है, क्योंकि इसी साल गुजरात के पूर्व इंचार्ज DGP डॉ. केएलएन राव ने एक सख्त लिखित आदेश जारी करते हुए कहा था कि यदि कोई भी पुलिसकर्मी किसी आरोपी की सरेआम परेड कराता है, या आरोपी की बेइज्जती करता है, तो उसके खिलाफ एक्शन लिया जा सकता है।
भावनगर पुलिस ने फैसल को काजल बरैया की हत्या के आरोप में गिरफ्तार किया है। पुलिस ने अपनी शुरुआती जांच में बताया कि फैसल और काजल पिछले सात साल से लिव-इन रिलेशनशिप में रह रहे थे। फैसल को पिछले कुछ समय से शक था कि काजल और उसके दोस्त रवि के बीच कोई रिश्ता है। हालांकि, रवि ने पुलिस को बताया कि झगड़ा शराब पीने को लेकर हुआ था।
जानकारी के मुताबिक, 3 सितंबर को एसटी बस स्टैंड पर काजल और फैसल के बीच कहासुनी हो गई, जिसने बाद में हिंसक मारपीट का रूप ले लिया। आरोप है कि, फैसल इस दौरान काजल को करीब सात मिनट तक लगातार पीटता रहा। इस हमले से काजल गंभीर रूप से घायल हो गई और 4 सितंबर को अस्पताल में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
पुलिस ने काजल की मां की शिकायत के बाद फैसल को उसी दिन गिरफ्तार कर लिया था। इसके बाद पुलिस 5 सितंबर को उसे लेकर एसटी बस स्टैंड पहुंची थी, जहां क्राइम सीन रीक्रिएट किया गया और इस दौरान पुलिस ने सरेआम उसकी पिटाई की जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर अब तेजी से वायरल हो रहा है।