Highlights:
गुजरात के भरूच में फार्मा कंपनी में भीषण धमाका हुआ।
हादसे में 5 लोगों की मौत और कई मजदूरों के घायल होने की खबर है।
GIDC सायखा इंडस्ट्रियल एस्टेट स्थित एक फार्मा कंपनी में शुक्रवार देर रात घटना हुई।
Gujarat Bharuch Pharma Company: गुजरात के भरूच में फार्मा कंपनी में भीषण धमाका हुआ। हादसे में 5 लोगों की मौत और कई के घायल होने की खबर है। गैस रिसाव के कारण कंपनी के पूरे इलाके में धुंध छा गई है। धमाका इतना भीषण था कि काम कर रहे मजदूरों को संभलने का मौका तक नहीं मिला। घटना की जांच जारी है।
बताया जा रहा है कि हाइड्रोजनेशन प्रक्रिया के दौरान 15 हजार लीटर क्षमता के रिएक्टर में ब्लास्ट हुआ। इस हादसे में 6 मजदूर गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे है।
गुजरात के भरूच जिले के वागरा तालुका में GIDC सायखा इंडस्ट्रियल एस्टेट स्थित एक फार्मा कंपनी में शुक्रवार देर रात घटना हुई। विस्फोट में 5 मजदूरों की मौत हो गई और 6 लोग घायल हो गए। यहां देखिए अस्पताल के बाहर के दृश्य, जहां घायलों को लाया गया था।
15 किलोलीटर क्षमता वाले इस रिएक्टर के मलबे के टुकड़े फैक्ट्री परिसर के बाहर बिखर गए। साथ ही, मेथिलीन डाइक्लोराइड (MDC) गैस के रिसाव की भी आशंका जताई गई है। भरूच पुलिस और संबंधित सुरक्षा अधिकारियों ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
घटना की गंभीरता को देखते हुए, औद्योगिक सुरक्षा एवं स्वास्थ्य विभाग की एक टीम मौके पर पहुंची है और उसने जांच शुरू कर दी है। टीम इस बात की गहनता से जांच कर रही है कि क्या कंपनी में सुरक्षा नियमों का पालन किया जा रहा था या नहीं।
कहीं जानलेवा विस्फोट किसी तकनीकी लापरवाही का नतीजा तो नहीं था। जांच रिपोर्ट के आधार पर, पुलिस और संबंधित अधिकारी कंपनी के प्रबंधन और अधिकारियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने की तैयारी कर रहे हैं।
इस कंपनी में पहले भी ब्लास्ट की खबर सामने आ चुकी है। गुजरात के भरूच जिले में 12 नवंबर 2025 को इंडस्ट्रियल एरिया GIDC में देर रात एक केमिकल कंपनी में भीषण विस्फोट हुआ था। सायखा गांव के पास स्थित विशाल फार्मा नामक इस कंपनी में रात करीब 2.30 बजे बॉयलर फटा था जिससे प्लांट में आग लग गई थी। इस हादसे में 3 मजदूरों की मौत हो गई थी और 24 कर्मचारी घायल हुए हैं।