Aditya Dhar Support Toxic: कन्नड़ सुपरस्टार यश की फिल्म ‘टॉक्सिक’ रिलीज के बाद से लगातार चर्चा में बनी हुई है। 26 अगस्त को सिनेमाघरों में पहुंची इस फिल्म को लेकर रिलीज से पहले जबरदस्त बज था, लेकिन रिलीज के बाद इसे दर्शकों और क्रिटिक्स से मिली-जुली प्रतिक्रिया मिली। खासकर फिल्म की कहानी और स्क्रीनप्ले को लेकर सोशल मीडिया पर कई यूजर्स ने सवाल उठाए। हालांकि, आलोचनाओं के बीच यश को इंडस्ट्री के कई कलाकारों का समर्थन मिल रहा है।
अब ‘धुरंधर’ के डायरेक्टर आदित्य धर भी यश के सपोर्ट में सामने आए हैं। आदित्य ने सोशल मीडिया पर ‘टॉक्सिक’ का पोस्टर शेयर किया। इस पोस्ट में उन्होंने सिर्फ ‘यश’ लिखा और इसके साथ पावरफुल और हार्ट इमोजी के जरिए अपनी भावनाएं जाहिर कीं। आदित्य की यह पोस्ट सामने आते ही सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बन गई।
आदित्य धर की ‘धुरंधर’ और ‘धुरंधर 2’ बॉक्स ऑफिस पर बड़ी सफलता हासिल कर चुकी हैं। एक समय ‘टॉक्सिक’ और ‘धुरंधर 2’ के बीच बॉक्स ऑफिस क्लैश होने वाला था। हालांकि, बाद में ‘टॉक्सिक’ की रिलीज डेट आगे बढ़ा दी गई थी। मेकर्स ने मिडिल ईस्ट में चल रही परिस्थितियों को देखते हुए फिल्म की रिलीज टालने का फैसला किया था।
आदित्य धर से पहले अभिनेता ऋषभ शेट्टी ने भी ‘टॉक्सिक’ और यश के काम की तारीफ की थी। उन्होंने कहा था कि एक कलाकार जब किसी किरदार को निभाता है तो उसमें पूरी जान लगा देता है। ऋषभ ने यश के किरदार के लिए किए गए समर्पण की तारीफ करते हुए कहा कि फिल्म में अपराध-बोध और उसके जिंदगी में जहर घोलने की प्रक्रिया को दिखाने की कोशिश आसान नहीं थी।
फिल्म की आलोचनाओं के बीच यश की मां ने भी अपने बेटे का समर्थन किया था। उन्होंने कहा था कि ‘केजीएफ’ से पहले भी यश कन्नड़ फिल्म इंडस्ट्री के सुपरस्टार थे और उन्होंने लगातार कई सफल फिल्में दी थीं। उन्होंने अपने बेटे की मेहनत और सफर पर गर्व जताया। गीतू मोहनदास के निर्देशन में बनी ‘टॉक्सिक’ में यश के साथ कियारा आडवाणी, तारा सुतारिया, हुमा कुरैशी और नयनतारा जैसे कलाकार नजर आ रहे हैं।