सनी देओल के बर्थडे पर ‘सूर्या’ का दमदार टीजर रिलीज
मेडिकल सिस्टम के भ्रष्टाचार से लड़ेंगे सनी देओल
‘सूर्या’ में रवि किशन और प्रज्ञा जायसवाल भी आएंगे नजर
Sunny Deol Suryaa Teaser Birthday Special: बॉलीवुड एक्टर सनी देओल आज पूरे 69 साल के हो गए हैं। उनके जन्मदिन के खास मौके पर उनकी आने वाली फिल्म सूर्या का भी ट्रेलर लॉन्च कर दिया गया है। सनी देओल की आने वाली फिल्म को लेकर फैंस काफी एक्साइटेड हैं।
बंटवारा 1947 के सामान्य प्रदर्शन के बाद अब सनी देओल फिर से एक बार बड़े पर्दे पर दस्तक देने वाले हैं। सनी देओल की इस फिल्म की सबसे खास बात ये है कि इसमें सलमान खान भी नजर आने वाले हैं। इस फिल्म का पोस्टर पहले ही लॉन्च कर दिया था और अब सनी देओल के जन्मदिन पर फिल्म का टीजर रिलीज किया है।
सनी देओल की अपकमिंग फिल्म सूर्या: अंत से आरंभ तक के टीजर में सनी देओल की दमदार डायलॉग डिलीवरी देखने के लिए मिलती है। इस टीजर में सनी देओल कहते हैं कि एक इंसान डॉक्टर को भगवान मानता है। इसके बाद कहानी चिकित्सा व्यवस्था से जुड़ी घटनाओं और उनसे पैदा होने वाले सवालों की ओर बढ़ती है।
टीजर में शुरुआत में एक निजी मामला दिखाई देता है, लेकिन धीरे-धीरे उसके पीछे छिपी बड़ी साजिश का संकेत मिलने लगता है। कहानी का मुख्य किरदार सूर्या उन सच्चाइयों को सामने लाने की कोशिश करता है, जिन्हें लोग अब तक अनदेखा करते आए हैं।
फिल्म के टीजर से ये साफ देखने के लिए मिलता है कि सनी देओल इस बार मेडिकल सिस्टम में मौजूद भ्रष्टाचार के खिलाफ लड़ते नजर आएंगे। कहानी उन लोगों पर सवाल उठाती है, जिन पर मरीज भरोसा करते हैं, लेकिन जो कथित तौर पर अपने फायदे के लिए उस भरोसे का गलत इस्तेमाल करते हैं। टीजर में फिल्म को अविश्वसनीय सच्ची घटनाओं पर आधारित बताया गया है। साथ ही, यह मेडिकल सिस्टम के कथित चौंकाने वाले पहलुओं की ओर भी इशारा करता है। हालांकि, वास्तविक घटनाओं से फिल्म की कहानी का संबंध कितना है, यह फिल्म देखने के बाद ही साफ होगा।
सूर्या: अंत से आरंभ तक में सनी देओल के साथ भोजपुरी एक्टर रवि किशन और प्रज्ञा जायसवाल भी नजर आएंगे। इनके अलावा तनुश्री चक्रवर्ती, मनीष वाधवा, टीनू आनंद, विरती वाघानी, जिस्सू सेनगुप्ता, खालिद सिद्दीकी, अनूप त्रिवेदी और रोहित तिवारी भी अहम भूमिकाओं में हैं। फिल्म का निर्देशन एम. पदमकुमार ने किया है, जबकि दीपक मुकुट, हेमंत मुकुट और लोकेश मुकुट इसके निर्माता हैं।