Sunita Ahuja Film Govinda Cameo: बॉलीवुड के 'हीरो नंबर 1' गोविंदा लंबे समय से बड़े पर्दे से दूर हैं, लेकिन अब उनकी वापसी को लेकर लगातार नई-नई खबरें सामने आ रही हैं। हाल ही में उनकी कमबैक फिल्म 'रूपा' का ऐलान हुआ था। इसी बीच एक और दिलचस्प अपडेट सामने आया है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, गोविंदा अपने बेटे यशवर्धन आहूजा की डेब्यू फिल्म 'Hero Ki Horrorine' में स्पेशल कैमियो करते नजर आ सकते हैं। इस फिल्म का निर्माण एकता कपूर कर रही हैं।
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, गोविंदा फिल्म में एक खास डांस नंबर का हिस्सा होंगे। इस गाने में वह अपने बेटे यशवर्धन आहूजा के साथ पहली बार स्क्रीन शेयर करेंगे। हालांकि उनका रोल कैमियो तक सीमित रहेगा, लेकिन यह फैंस के लिए किसी बड़े सरप्राइज से कम नहीं होगा। बताया जा रहा है कि इस गाने की शूटिंग दो दिन के शेड्यूल में पूरी की जाएगी। अगर ऐसा होता है तो यह पहला मौका होगा जब गोविंदा, उनकी पत्नी सुनीता और बेटे यशवर्धन एक ही फिल्म का हिस्सा बनेंगे।
इस फिल्म की एक और खास बात यह है कि सुनीता आहूजा भी इसी प्रोजेक्ट से बतौर अभिनेत्री बॉलीवुड में डेब्यू करने जा रही हैं। वह फिल्म में अपने बेटे यशवर्धन की ऑनस्क्रीन मां का किरदार निभाएंगी। हाल ही में उन्होंने इस फिल्म को लेकर अपनी खुशी भी जाहिर की थी। जब सुनीता से गोविंदा की कमबैक फिल्म 'रूपा' के बारे में सवाल किया गया तो उन्होंने मजाकिया अंदाज में कहा कि उन्हें उस फिल्म पर कुछ नहीं कहना, बल्कि लोग सिर्फ उनकी और उनके बेटे की फिल्म की बात करें, जिसे एकता कपूर बना रही हैं।
अगर रिपोर्ट्स सही साबित होती हैं तो 2019 में रिलीज हुई 'रंगीला राजा' के बाद यह पहला मौका होगा जब गोविंदा किसी बॉलीवुड फिल्म में नजर आएंगे। हालांकि उनकी पूर्ण वापसी फिल्म 'रूपा' से होगी, लेकिन उससे पहले बेटे की पहली फिल्म में उनका स्पेशल डांस कैमियो दर्शकों के लिए खास आकर्षण बन सकता है। फिलहाल मेकर्स की ओर से इस खबर की आधिकारिक पुष्टि का इंतजार है।