Highlights
शाहरुख खान की फिल्म 'किंग' की कहानी को लेकर Reddit पर एक थ्योरी वायरल हो रही है।
दावा है कि फिल्म में शाहरुख और सुहाना पिता-बेटी के किरदार में नजर आएंगे।
वायरल कहानी के मुताबिक, दीपिका पादुकोण के किरदार की मौत के बाद बदले की कहानी शुरू होगी।
Shah Rukh Khan Film King Story Leak: शाहरुख खान की फिल्म 'किंग' को लेकर दर्शकों के बीच जबरदस्त उत्साह बना हुआ है। लंबे समय बाद किंग खान बड़े पर्दे पर एक्शन अवतार में नजर आने वाले हैं। इस बीच फिल्म की कहानी को लेकर सोशल मीडिया पर एक ऐसी थ्योरी वायरल हो रही है, जिसने फैंस के बीच नई चर्चा छेड़ दी है।
दावा किया जा रहा है कि फिल्म में शाहरुख खान और सुहाना खान पिता-बेटी के किरदार में दिखाई देंगे। इतना ही नहीं, इस कहानी का कनेक्शन शाहरुख की पुरानी फिल्म 'कुछ कुछ होता है' से भी जोड़ा जा रहा है। दरअसल, सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म रेडिट पर एक पोस्ट के जरिए फिल्म की कथित कहानी से जुड़ी कुछ जानकारियां सामने आई हैं।
इस वायरल थ्योरी के मुताबिक, शाहरुख खान फिल्म में सुहाना खान के पिता का किरदार निभा सकते हैं। कहानी में अभिषेक बच्चन के हाथों गोली लगने के बाद दीपिका पादुकोण के किरदार की मौत हो जाती है। इसके बाद सुहाना का किरदार अपने पिता के साथ मिलकर बदला लेने के मिशन पर निकलता है। हालांकि, इस कहानी की अभी तक मेकर्स की ओर से कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। ऐसे में इसे फिल्म का असली प्लॉट मानना जल्दबाजी होगी।
इस थ्योरी के सामने आने के बाद सोशल मीडिया यूजर्स ने इसकी तुलना शाहरुख खान की सुपरहिट फिल्म 'कुछ कुछ होता है' से करनी शुरू कर दी है। कुछ यूजर्स इसे 'कुछ कुछ होता है विद मसाला' कहकर मजाक बना रहे हैं। वहीं, कई लोगों को यह कहानी एक टिपिकल बॉलीवुड मसाला फिल्म जैसी लग रही है। इसके बावजूद फैंस शाहरुख खान की मौजूदगी को लेकर उत्साहित हैं। उनका कहना है कि कहानी कैसी भी हो, वे अपने पसंदीदा सुपरस्टार को बड़े पर्दे पर देखने जरूर जाएंगे।
सिद्धार्थ आनंद के निर्देशन में बन रही इस फिल्म में शाहरुख और सुहाना के अलावा दीपिका पादुकोण, अभिषेक बच्चन, रानी मुखर्जी और अनिल कपूर जैसे कलाकार नजर आएंगे। फिल्म की स्टारकास्ट भी इसे लेकर उत्सुकता बढ़ा रही है। 'किंग' 24 दिसंबर 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है। अब देखना होगा कि वायरल हो रही कहानी में कितनी सच्चाई है और फिल्म दर्शकों के सामने कौन-से नए ट्विस्ट लेकर आती है।