Highlights
शाहरुख खान की फिल्म 'किंग' के ओवरसीज राइट्स 175 करोड़ रुपये में बिके।
फिल्म किंग के सामने ब्रेक ईवन हासिल करने की बड़ी चुनौती होगी।
रिपोर्ट्स के अनुसार 'पठान' और 'जवान' से ज्यादा कलेक्शन करना पड़ सकता है।
Shah Rukh Khan King Movie Overseas Business: बॉलीवुड के किंग खान यानी शाहरुख खान का जलवा विदेशों में आज भी पूरी तरह कायम है। भले ही घरेलू बॉक्स ऑफिस पर साउथ फिल्मों का दबका लगातार बढ़ रहा हो, लेकिन ग्लोबल मार्केट में आज भी बादशाह का सिक्का चल रहा है।
उनकी आने वाली फिल्म किंग को लेकर एक बेहद चौंकाने वाली और बड़ी खबर सामने आई है। इस प्रोजेक्ट ने रिलीज से पहले ही डिस्ट्रीब्यूशन के मोर्चे पर एक नया मील का पत्थर बना दिया है। फिल्म के अंतरराष्ट्रीय थिएट्रिकल राइट्स रिकॉर्ड तोड़ कीमत पर बिक चुके हैं, जिसने ट्रेड पंडितों को भी हैरान कर दिया है।
खबरों के अनुसार किंग के ओवरसीज राइट्स फार्स फिल्म्स को 18 मिलियन डॉलर यानी करीब 175 करोड़ रुपये की भारी-भरकम कीमत पर बेचे गए हैं। भारतीय सिनेमा के इतिहास में यह अब तक की सबसे बड़ी न्यूनतम गारंटी डील है।
इससे पहले शाहरुख खान की पिछली फिल्मों के ओवरसीज राइट्स यशराज फिल्म्स के पास हुआ करते थे, जिन्होंने पठान और जवान जैसी ब्लॉकबस्टर फिल्मों को ग्लोबल लेवल पर शानदार तरीके से डिस्ट्रीब्यूट किया था। हालांकि इस बार एक नई कंपनी ने इतनी बड़ी रकम दांव पर लगाकर इस मेगा प्रोजेक्ट के साथ हाथ मिलाया है।
फिल्म किंग को बॉक्स ऑफिस पर बहुत लंबा सफर तय करना होगा। विदेशी बाजारों का नियम यह है कि डिस्ट्रीब्यूटर को ग्रॉस कलेक्शन का केवल 50 प्रतिशत हिस्सा ही मिलता है।
इस गणित के हिसाब से किंग को सिर्फ अपनी लागत निकालकर ब्रेक ईवन तक पहुंचने के लिए लगभग 37 से 40 मिलियन डॉलर का कलेक्शन करना होगा। अंतरराष्ट्रीय मुद्रा के लिहाज से यह आंकड़ा साढ़े 350 से 375 करोड़ रुपये के आसपास बैठता है।
फिल्म के सामने सबसे बड़ी चुनौती यह है कि इसे प्रॉफिटेबल बनने के लिए शाहरुख खान की पिछली 2 सबसे बड़ी सफल फिल्मों के बराबर परफॉर्म करना होगा। आपको याद दिला दें कि पठान और जवान दोनों ने ही विदेशों में लगभग 400 करोड़ रुपये का बंपर कलेक्शन किया था।
इस नई फिल्म को भी सुपरहिट होने के लिए ठीक इसी स्तर की या इससे भी ज्यादा बड़ी सफलता हासिल करनी होगी। जूनियर एनटीआर की आरआरआर और रणवीर कपूर की धुरंधर जैसी ऐतिहासिक फिल्मों की फेहरिस्त में शामिल होने के लिए इसे ग्लोबल बॉक्स ऑफिस पर अपनी पूरी ताकत झोंकनी पड़ेगी।
फिल्म किंग डायरेक्टर सिद्धार्थ आनंद के डायरेक्शन में तैयार हो रही है, जिन्होंने इससे पहले पठान के जरिए शाहरुख खान को 1000 करोड़ रुपये से ज्यादा कमाने वाली पहली ब्लॉकबस्टर फिल्म दी थी। इस प्रोजेक्ट की सबसे खास बात यह है कि इसमें सुपरस्टार के साथ उनकी बेटी सुहाना खान भी पहली बार बड़े पर्दे पर नजर आएंगी।
इसके अलावा दीपिका पादुकोण, अभिषेक बच्चन, रानी मुखर्जी और जयदीप अहलावत जैसे कई मंजे हुए स्टार भी इस एक्शन थ्रिलर का अहम हिस्सा हैं। आने वाली चौबीस दिसंबर को यह फिल्म सिनेमाघरों में रिलीज होने के लिए पूरी तरह तैयार है।