Shah Rukh Khan Joy Awards: सऊदी अरब के रियाद में आयोजित जॉय अवॉर्ड्स 2026 अंतरराष्ट्रीय सितारों के मिलन का गवाह बना। इस भव्य समारोह में बॉलीवुड के 'किंग' शाहरुख खान की मौजूदगी ने सबसे ज्यादा सुर्खियां बटोरीं। काले लिबास में सजे शाहरुख ने अपनी चमक से न केवल हॉलीवुड सितारों को प्रभावित किया, बल्कि अंतरराष्ट्रीय मंच पर भारतीय सिनेमा की धाक भी जमाई। हालांकि, इसी इवेंट से जुड़ी एक सोशल मीडिया कंट्रोवर्सी ने किंग खान के फैंस को थोड़ा हैरान भी कर दिया है।
इवेंट के दौरान शाहरुख खान को एक विशेष पुरस्कार प्रदान करने के लिए मंच पर आमंत्रित किया गया था। इस दौरान उनकी कई अंतरराष्ट्रीय हस्तियों के साथ तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर जंगल की आग की तरह फैल गए हैं।
समारोह के बीच एक वीडियो वायरल हुआ जिसमें मशहूर तुर्की अभिनेत्री हांडे एर्सेल मंच की ओर अपना फोन घुमाकर रिकॉर्डिंग करती नजर आ रही थीं। उस वक्त मंच पर शाहरुख खान मिस्र की अभिनेत्री अमीना खलील के साथ मौजूद थे। फैंस ने कयास लगाए कि हांडे सीक्रेटली शाहरुख को शूट कर रही हैं। लेकिन जब हांडे ने यह खबर देखी, तो उन्होंने इंस्टाग्राम स्टोरी पर तीखी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने लिखा, "कौन हैं ये अंकल? मैं सिर्फ अपनी दोस्त अमीना खलील को रिकॉर्ड कर रही थी, मैं उनकी फैन नहीं हूं। कृपया झूठी जानकारी न फैलाएं।" इस 'अंकल' कमेंट ने शाहरुख के वैश्विक प्रशंसकों को नाराज कर दिया है।
ये भी पढ़ें- ‘द 50’ में एंट्री से पहले नर्वस हुईं उर्वशी ढोलकिया, 14 साल बाद फिर से रियलिटी शो में मचाएंगी कोहराम
विवादों से दूर, शाहरुख खान ने कई हॉलीवुड दिग्गजों के साथ यादगार पल साझा किए। अमेरिकन पॉप स्टार कैटी पेरी के साथ शाहरुख की तस्वीर इंटरनेट पर टॉप ट्रेंड में है। इसके अलावा, 'स्ट्रेंजर थिंग्स' फेम मिली बॉबी ब्राउन और 'स्क्विड गेम' स्टार ली जंग-जाए के साथ भी शाहरुख नजर आए। ली जंग-जाए ने शाहरुख के साथ सेल्फी साझा करते हुए उन्हें एक 'सम्मानित हस्ती' बताया और कहा कि उनके साथ होना एक बड़े सम्मान की बात है।
वर्कफ्रंट की बात करें तो शाहरुख खान जल्द ही फिल्म 'किंग' के जरिए पर्दे पर धमाका करने वाले हैं। इस फिल्म की सबसे खास बात यह है कि शाहरुख पहली बार अपनी बेटी सुहाना खान के साथ स्क्रीन शेयर करेंगे। सिद्धार्थ आनंद के निर्देशन में बन रही इस एक्शन थ्रिलर में दीपिका पादुकोण, रानी मुखर्जी और अभिषेक बच्चन जैसे कलाकार भी अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे। फिल्म की शूटिंग फिलहाल जोरों पर है और फैंस इसकी रिलीज डेट का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं।