Shah Rukh Khan Cancel Fans Meet: बॉलीवुड के किंग खान शाहरुख खान आज यानी 2 नवंबर को अपना 60वां जन्मदिन मना रहे हैं। हर साल की तरह इस बार भी उनके फैंस की भीड़ मन्नत के बाहर उमड़ पड़ी, ताकि एक्टर की एक झलक मिल सके। लेकिन इस बार फैंस को थोड़ी निराशा हाथ लगी, क्योंकि शाहरुख ने सुरक्षा कारणों के चलते बाहर आकर अभिवादन न करने का फैसला लिया।
दरअसल, शाहरुख खान ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (Twitter) पर एक पोस्ट शेयर किया। जिसमें उन्होंने लिखा कि “अधिकारियों ने मुझे सूचित किया है कि मैं अपने घर मन्नत के बाहर आकर आप सभी प्यारे लोगों का अभिवादन नहीं कर पाऊंगा जो मेरा इंतजार कर रहे हैं। आप सभी से माफी मांगता हूं, लेकिन भीड़ नियंत्रण की समस्या के कारण यह निर्णय सभी की सुरक्षा के लिए लिया गया है।”
उन्होंने आगे लिखा, “समझने के लिए शुक्रिया और यकीन मानिए… मुझे आपसे मिलने की जितनी याद आएगी, उससे कहीं ज्यादा आपकी कमी खलेगी। आप सभी से प्यार बांटने का बेसब्री से इंतजार था।”
आपको बता दें, हर साल की तरह इस बार भी हजारों फैंस बांद्रा स्थित मन्नत के बाहर पहुंच गए थे। बताया जा रहा है कि मन्नत की बालकनी और गेट को फैंस मीट के लिए तैयार किया जा रहा था। शाहरुख के स्टाफ को व्यवस्था संभालने और बालकनी साफ करने के निर्देश भी दिए गए थे।
ये भी पढ़ें- Bigg Boss 19: शॉकिंग नॉमिनेशन, फरहाना भट्ट, नीलम गिरी समेत ये 6 सदस्य हुए बेघर होने के लिए नॉमिनेट
हालांकि, सूत्रों के मुताबिक इस वक्त मन्नत में रेनोवेशन का काम चल रहा है। ऐसे में भीड़ और निर्माण कार्य को देखते हुए सुरक्षा अधिकारियों ने शाहरुख को बाहर न आने की सलाह दी। हाल ही में अपने फेमस #AskSRK सेशन में शाहरुख ने मजाकिया अंदाज में कहा था कि वह जन्मदिन पर मन्नत में जरूर होंगे, लेकिन इस बार एक “हार्ड हैट” (सुरक्षा हेलमेट) के साथ, क्योंकि घर में काम चल रहा है।
फिलहाल इस फैसले से फैंस थोड़े निराश हैं, लेकिन किंग खान का सुरक्षा को प्राथमिकता देना सराहनीय कदम माना जा रहा है। अब फैंस उम्मीद कर रहे हैं कि जल्द ही शाहरुख उनसे मुलाकात कर अपना वादा पूरा करेंगे।