सलमान खान की फिल्म 'मातृभूमि' का देशभक्ति एंथम 'रंग केसरी' रिलीज हो गया है।
'रंग केसरी' में देश के वीर जवानों के साहस और बलिदान को सलाम किया गया है।
अपूर्व लाखिया के निर्देशन में बनी 'मातृभूमि' 4 दिसंबर को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।
Salman Khan Maatrubhumi Rang Kesari Song: सलमान खान की अपकमिंग फिल्म 'मातृभूमि: मे वॉर रेस्ट इन पीस' को लेकर दर्शकों के बीच काफी उत्साह है। फिल्म की रिलीज से पहले मेकर्स लगातार इससे जुड़ी झलकियां शेयर कर रहे हैं। अब फिल्म का देशभक्ति एंथम 'रंग केसरी' रिलीज कर दिया गया है। इस गाने में देश के वीर जवानों के साहस, बलिदान और जज्बे को सलाम किया गया है। खास बात यह है कि गाने को अपनी दमदार आवाज से सुखविंदर सिंह और मीत ब्रोस ने सजाया है। इसका म्यूजिक सुनकर श्रोताओं के भीतर देशप्रेम का जज्बा जाग उठता है।
'मातृभूमि' का देशभक्ति एंथम 'रंग केसरी' सलमान खान फिल्म्स म्यूजिक के आधिकारिक यूट्यूब चैनल पर रिलीज किया गया है। गाने को सलमान खान ने भी अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर शेयर किया। इसके साथ उन्होंने मजेदार अंदाज में लिखा, 'मातृभूमि में देशभक्ति गाना सुनना था ना'। सलमान की इस पोस्ट के बाद फैंस के बीच गाने को लेकर उत्सुकता और बढ़ गई है।
फिल्म मातृभूमि का 'रंग केसरी' सिर्फ एक गाना नहीं, बल्कि देश के उन वीर सपूतों के साहस और बलिदान को समर्पित है, जिन्होंने राष्ट्र को हमेशा सबसे ऊपर रखा। सुखविंदर सिंह और मीत ब्रोस की आवाज ने इस एंथम को दमदार अंदाज दिया है। गाने के बोल और संगीत में देशभक्ति का भाव साफ नजर आता है। यही वजह है कि रिलीज होते ही यह ट्रैक लोगों का ध्यान खींचने लगा है।
गाना रिलीज होने के बाद सोशल मीडिया पर फैंस अपनी प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं। किसी ने इसे शानदार देशभक्ति गीत बताया, तो किसी ने सुखविंदर सिंह की आवाज की तारीफ की। एक यूजर ने लिखा, 'बहुत ही शानदार गीत है'। वहीं, एक अन्य ने कहा कि इस गाने को सुनकर थिएटर में रोना आ जाएगा। कई लोगों को उम्मीद है कि 'रंग केसरी' आने वाले दिनों में खूब लोकप्रिय होगा।
'मातृभूमि: मे वॉर रेस्ट इन पीस' एक वॉर ड्रामा फिल्म है, जिसका निर्देशन अपूर्व लाखिया ने किया है। इसे सलमान खान ने अपने प्रोडक्शन हाउस सलमान खान फिल्म्स के बैनर तले प्रोड्यूस किया है। फिल्म में सलमान खान के साथ चित्रांगदा सिंह, अनूप बिक्रम शाही, जेन शॉ और प्रशांत तमांग भी अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे। यह फिल्म 4 दिसंबर को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है।