Rahul Roy Brain Stroke Recovery: फिल्म 'आशिकी' से लाखों दिलों पर राज करने वाले एक्टर राहुल रॉय की जिंदगी में साल 2020 एक ऐसा मोड़ लेकर आया, जिसने उनकी पूरी दुनिया बदलकर रख दी। कारगिल में शूटिंग के दौरान अचानक आए ब्रेन स्ट्रोक ने उनके स्वास्थ्य और करियर पर गहरा असर डाला। इस गंभीर स्वास्थ्य संकट के बाद एक्टर ने न केवल अपनी जीवनशैली में भारी बदलाव किए हैं, बल्कि वे दृढ़ इच्छाशक्ति और सही देखभाल के बल पर धीरे-धीरे सेहत में सुधार की राह पर आगे बढ़ रहे हैं।
एक हाल ही में दिए गए इंटरव्यू के दौरान राहुल रॉय ने अपनी वर्तमान स्वास्थ्य स्थिति के बारे में बात की। उन्होंने बताया कि इस वक्त वे रोजाना 8 अलग-अलग दवाइयों का सेवन कर रहे हैं, जो उनके शरीर को पूरी तरह सामान्य स्थिति में लाने के लिए बेहद जरूरी हैं। नियमित मेडिकल जांच और कड़ी मेडिकल निगरानी के तहत ही उनका इलाज चल रहा है। इन दवाइयों की मदद से उनके शरीर के प्रभावित हिस्सों में सुधार देखने को मिल रहा है, जो उनके फैंस के लिए एक राहत भरी खबर है।
स्वास्थ्य में सुधार लाने के लिए राहुल रॉय ने अपनी दैनिक डाइट में अभूतपूर्व बदलाव किया है। उन्होंने मांसाहार और डेयरी प्रोड्यूसर का त्याग कर पूरी तरह वीगन जीवनशैली अपना ली है। उनका मानना है कि इस सादे और प्राकृतिक खान-पान से उनके पाचन तंत्र और समग्र स्वास्थ्य को काफी मजबूती मिल रही है। अनुशासित दिनचर्या, सही समय पर खान-पान और वीगन भोजन ने उनकी रिकवरी की गति को बढ़ाने में काफी अहम भूमिका निभाई है।
इस पूरे मुश्किल सफर में राहुल रॉय की बहन प्रियंका उनके साथ ढाल बनकर खड़ी रही हैं। एक्टर ने अपनी बहन के प्रति आभार जताते हुए कहा कि प्रियंका की देखरेख और मानसिक समर्थन के बिना इस पड़ाव को पार करना आसान नहीं था। स्ट्रोक के शुरुआती दिनों में जब बोलना और चलना भी मुश्किल हो गया था, तब प्रियंका ने ही उनकी स्पीच थेरेपी और फिजियोथेरेपी का पूरा ध्यान रखा। पारिवारिक सहयोग के बल पर ही वे आज दोबारा सामान्य जीवन की ओर लौट पाए हैं।
स्वास्थ्य संबंधी चुनौतियों से जूझने के बावजूद राहुल रॉय का अभिनय और सिनेमा के प्रति लगाव कम नहीं हुआ है। उन्होंने पॉजिटिव रुख अपनाते हुए कहा कि अब उनकी स्थिति पहले से काफी बेहतर है और वे बोलने तथा चलने-फिरने में सहज महसूस कर रहे हैं।
वे खुद को शारीरिक और मानसिक रूप से मजबूत कर रहे हैं ताकि जल्द ही एक बार फिर कैमरे के सामने लौट सकें। उनके फैंस भी उनकी पूरी तरह स्वस्थ होने और पर्दे पर वापसी की दुआएं कर रहे हैं। बता दें कि सन 1990 में आई फिल्म में राहुल रॉय और अनु अग्रवाल ने अहम रोल निभाकर लाखों लोगों को अपना दिवाना बना दिया था।