प्रियंका चोपड़ा (फोटो सोर्स-सोशल मीडिया)
मनोरंजन

युक्ता मुखी ने पहनाया था ताज, प्रियंका चोपड़ा बनी थीं पांचवीं भारतीय मिस वर्ल्ड, जानें खास बातें

Priyanka Chopra Career: 30 नवंबर 2000 को 18 साल की प्रियंका चोपड़ा ने मिस वर्ल्ड का ताज जीतकर इतिहास रचा था। इसके बाद उन्होंने बॉलीवुड से हॉलीवुड तक का सफर तय कर अंतरराष्ट्रीय पहचान बनाई।

सोनाली झा

Highlights

  • प्रियंका चोपड़ा ने 30 नवंबर 2000 को महज 18 साल की उम्र में मिस वर्ल्ड का खिताब जीता था।

  • प्रियंका मिस वर्ल्ड बनने वाली पांचवीं भारतीय महिला बनी थीं।

  • उन्होंने तमिल फिल्म 'थमीजान' से अभिनय की शुरुआत की और फिर बॉलीवुड में अपनी पहचान बनाई।

Priyanka Chopra Miss World 2000: बॉलीवुड से लेकर हॉलीवुड तक अपनी पहचान बनाने वाली एक्ट्रेस प्रियंका चोपड़ा आज दुनियाभर में मशहूर हैं। अपनी मेहनत और शानदार अभिनय के दम पर उन्होंने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर खास मुकाम हासिल किया है। हालांकि, उनके इस सफर की एक बेहद खास शुरुआत 30 नवंबर 2000 को हुई थी।

प्रियंका चोपड़ा ने महज 18 साल की उम्र में मिस वर्ल्ड का खिताब जीतकर इतिहास रच दिया था। इसके बाद उन्होंने कभी पीछे मुड़कर नहीं देखा और एक के बाद एक सफलता की सीढ़ियां चढ़ती गईं। प्रियंका का जन्म 18 जुलाई 1982 को झारखंड के जमशेदपुर में हुआ था। उनके माता-पिता अशोक चोपड़ा और मधु चोपड़ा सेना में डॉक्टर थे। इस वजह से प्रियंका का बचपन देश के अलग-अलग शहरों में बीता। उन्होंने बरेली में भी पढ़ाई की थी।

मिस वर्ल्ड प्रतियोगिता की तैयारी

प्रियंका चोपड़ा का सपना एयरोनॉटिकल इंजीनियर बनने का था, लेकिन किस्मत ने उनके लिए कुछ और ही तय कर रखा था। परिवार के कहने पर प्रियंका ने साल 2000 में फेमिना मिस इंडिया प्रतियोगिता में हिस्सा लिया। यहां उन्होंने मिस इंडिया वर्ल्ड का खिताब अपने नाम किया। इसके बाद उन्होंने मिस वर्ल्ड प्रतियोगिता की तैयारी शुरू कर दी। उस समय शायद ही किसी ने सोचा होगा कि यह प्रतियोगिता उनकी जिंदगी की दिशा बदल देगी।

95 देशों की प्रतिभागियों को पछाड़कर बनीं मिस वर्ल्ड

30 नवंबर 2000 को लंदन के मिलेनियम डोम में 50वीं मिस वर्ल्ड प्रतियोगिता का आयोजन हुआ था। इसमें 95 देशों की प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया था। कड़े मुकाबले के बाद प्रियंका चोपड़ा ने सभी को पीछे छोड़ते हुए मिस वर्ल्ड 2000 का ताज अपने नाम कर लिया। उन्हें यह ताज पूर्व मिस वर्ल्ड युक्ता मुखी ने पहनाया था। इस जीत के साथ प्रियंका मिस वर्ल्ड बनने वाली पांचवीं भारतीय महिला बन गईं।

बॉलीवुड से हॉलीवुड तक बनाई पहचान

मिस वर्ल्ड बनने के बाद प्रियंका के पास फिल्मों के ऑफर्स आने लगे। उन्होंने साल 2002 में तमिल फिल्म थमीजान से अभिनय की शुरुआत की। इसके बाद 2003 में फिल्म द हीरो: लव स्टोरी ऑफ अ स्पाई से हिंदी सिनेमा में कदम रखा। अंदाज, ऐतराज, मुझसे शादी करोगी, फैशन, कमीने, बर्फी, मैरी कॉम, बाजीराव मस्तानी और द स्काई इज पिंक जैसी फिल्मों में उन्होंने अपने अभिनय का दम दिखाया। फिल्म फैशन के लिए उन्हें राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार से भी सम्मानित किया गया।

भारतीय सिनेमा में अपनी पहचान बनाने के बाद प्रियंका ने अंतरराष्ट्रीय मनोरंजन जगत की ओर रुख किया। अमेरिकी सीरीज क्वांटिको में मुख्य भूमिका निभाकर उन्होंने हॉलीवुड में भी अपनी पहचान बनाई। इसके बाद वह बेवॉच, इजंट इट रोमांटिक और द व्हाइट टाइगर जैसे प्रोजेक्ट्स में नजर आईं।

निक जोनस से की शादी

प्रियंका चोपड़ा की निजी जिंदगी भी अक्सर चर्चा में रहती है। उन्होंने दिसंबर 2018 में अमेरिकी गायक निक जोनस के साथ शादी की थी। इस कपल की एक बेटी है, जिसका नाम मालती मैरी है। आज प्रियंका चोपड़ा न सिर्फ भारतीय सिनेमा, बल्कि अंतरराष्ट्रीय मंच पर भी देश का नाम रोशन कर रही हैं।

Delimitation Bill Live: स्टालिन से मिले राहुल गांधी, मोदी सरकार का साथ नहीं छोड़ेगी DMK; अब पवार को मनाएंगे

India Bloc Sharad Pawar Meeting in Mumbai LIVE: स्टालिन के बाद शरद पवार को मनाने पहुंचेंगे राहुल गांधी

15 दिसंबर के बाद NDA में होंगे शरद पवार! शिंदे गुट के नेता बच्चू कडू का बड़ा दावा

स्टालिन से मिले इंडिया ब्लॉक के नेता, मोदी सरकार का साथ नहीं छोड़ेगी DMK; राहुल बोले परिसीमन तमिलनाडु के खिलाफ

शरद पवार की राष्ट्रवादी पर भाजपा की नजर? महाजन बोले- राजनीति में कुछ भी असंभव नहीं