ओम प्रकाश (फोटो- सोशल मीडिया) 
मनोरंजन

ओम प्रकाश का 80 रुपये से शुरू हुआ सफर, 307 फिल्मों में किया काम, ‘दद्दू’ नाम से मिली बॉलीवुड में पहचान

Om Prakash Career: ओम प्रकाश ने 80 रुपये से फिल्मी सफर शुरू कर 307 फिल्मों में काम किया। नमक हलाल में ‘दद्दू’ किरदार से खास पहचान मिली। वहीं, ओम प्रकाश का निधन 21 फरवरी 1998 को हुआ।

सोनाली झा

Om Prakash Death Anniversary Special Story: हिंदी सिनेमा के दिग्गज अभिनेता ओम प्रकाश की आज पुण्यतिथि है। 19 दिसंबर 1919 को जम्मू में जन्मे ओम प्रकाश ने अपने बहुआयामी अभिनय से बॉलीवुड में ऐसी पहचान बनाई, जो आज भी दर्शकों के दिलों में जिंदा है। वह उन कलाकारों में से थे, जिन्होंने विलेन, कॉमेडियन और चरित्र अभिनेता हर भूमिका में जान डाल दी।

ओम प्रकाश को बचपन से ही संगीत में गहरी रुचि थी। महज 12 साल की उम्र में उन्होंने शास्त्रीय संगीत की शिक्षा शुरू कर दी थी और जल्द ही इसमें निपुण हो गए। साल 1937 में उन्होंने ऑल इंडिया रेडियो ज्वाइन किया, जहां उन्हें 25 रुपये मासिक वेतन मिलता था। ‘फतेह दिन’ नाम के किरदार से वे खासे लोकप्रिय हुए और पूरे पंजाब में पहचाने जाने लगे।

ओम प्रकाश का फिल्मी करियर

फिल्मी करियर की शुरुआत उन्होंने 1940 के दशक में की। उनकी पहली फिल्म ‘दासी’ थी, जिसके लिए उन्हें मात्र 80 रुपये मिले थे। हालांकि छोटी सी रकम से शुरू हुआ यह सफर आगे चलकर बड़ी सफलता में बदला। देश के बंटवारे के बाद वे मुंबई आ गए और यहां उन्हें फिल्म ‘लखपति’ में विलेन का किरदार मिला। इसके बाद उन्होंने ‘लाहौर’, ‘चार दिन’ और ‘रात की रानी’ जैसी फिल्मों में काम किया।

इन दिग्गज सितारों संग किया काम

ओम प्रकाश ने उस दौर के दिग्गज सितारों जैसे दिलीप कुमार, राज कपूर और अशोक कुमार के साथ स्क्रीन साझा की। ‘आज़ाद’, ‘सरगम’, ‘मिस मैरी’, ‘बहार’, ‘पहली झलक’ और ‘तेरे घर के सामने’ जैसी फिल्मों में उनके अभिनय को खूब सराहा गया। फिल्म ननमक हलाल में ‘दद्दू’ के किरदार ने उन्हें अमर कर दिया। इस फिल्म में अमिताभ बच्चन के साथ उनकी जुगलबंदी दर्शकों को बेहद पसंद आई। यही वजह है कि आज भी कई लोग उन्हें ‘दद्दू’ के नाम से याद करते हैं।

ओम प्रकाश का निधन

करीब 307 फिल्मों में काम कर चुके ओम प्रकाश ने कुछ फिल्मों का निर्माण भी किया, जिनमें ‘संजोग’, ‘जहान आरा’ और ‘गेटवे ऑफ इंडिया’ शामिल हैं। जीवन के अंतिम दिनों में वह गंभीर रूप से बीमार हो गए थे। 21 फरवरी 1998 को दिल का दौरा पड़ने से उनका निधन हो गया। ओम प्रकाश भले ही आज हमारे बीच नहीं हैं, लेकिन उनका अभिनय हिंदी सिनेमा के इतिहास में हमेशा जीवित रहेगा।

भारत-बांग्लादेश के रिश्तों की अग्निपरीक्षा बनेगी गंगा जल संधि, 30 साल पुरानी डील खत्म होने से पहले बढ़ी हलचल

Explainer: बोतल का पानी कितना खतरनाक है? इसे पीने से कैंसर कैसे हो सकता है

एक क्लिक में तुरंत पढ़ें 25 नवंबर 2026 की 10 बड़ी खबरें; देश-दुनिया, खेल-मनोरंजन और भी बहुत कुछ है खास

सुप्रीम कोर्ट का बड़ा फैसला: 2021 और 2024 के कानून रद्द, यूपी के कर्मचारियों को मिलेगी पुरानी सेवा की पेंशन

Weather Update: दक्षिण भारत में बारिश, पहाड़ों पर बर्फबारी; दिल्ली-UP समेत कई राज्यों में कोहरे का अलर्ट