MrBeast Girlfriend Wedding: सोशल मीडिया की दुनिया के सबसे पॉपुलर और अमीर यूट्यूबर जिमी डोनाल्डसन उर्फ मिस्टर बीस्ट ने आखिरकार अपनी जिंदगी के नए सफर की शुरुआत कर दी है। उन्होंने अपनी लंबे समय से साथी रही थिया बोयसेन के साथ बेहद सादगी भरे और निजी समारोह में शादी कर ली है। समंदर के खूबसूरत किनारे पर हुई इस शादी की खूबसूरत तस्वीरें जैसे ही सामने आईं, सोशल मीडिया पर बधाइयों का तांता लग गया।
करोड़ों फैंस का दिल जीतने वाले इस क्रिएटर ने अपने जीवनसाथी का हाथ थामकर हर किसी को सरप्राइज दे दिया है। अपनी शादी के इस खास मौके पर मिस्टर बीस्ट और थिया बोयसेन एक-दूसरे के प्यार में पूरी तरह डूबे नजर आए। यूट्यूबर ने शादी की तस्वीरों को शेयर करते हुए एक भावुक पोस्ट लिखा कि उन्हें आखिर उनकी मिसेज बीस्ट मिल गई हैं।
शादी के लिबास की बात करें तो दोनों का लुक बेहद सुंदर था। दूल्हे के रूप में मिस्टर बीस्ट ने सफेद ब्लेजर और सफेद शर्ट के साथ काले रंग की पैंट पहनी हुई थी, जो उन पर काफी फब रही थी। वहीं उनकी पत्नी थिया क्लासिक वाइट वेडिंग गाउन में बेहद खूबसूरत लग रही थीं।
समंदर की उठती लहरों के बीच दोनों ने एक-दूसरे का हाथ थामकर पोज दिए। एक तस्वीर में दोनों शादी के बाद अपनी खुशी जाहिर करते हुए डांस करते नजर आए, जहां थिया ने अपनी सगाई की अंगूठी भी फ्लॉन्ट की।
बता दें कि इस खूबसूरत लव स्टोरी की शुरुआत साल 2022 में हुई थी, जब दोनों पहली बार अपने एक साझे दोस्त की डिनर पार्टी में मिले थे। वहां हुई पहली मुलाकात धीरे-धीरे प्यार में बदल गई।
इसके बाद दिसंबर 2024 में मिस्टर बीस्ट ने अपनी ड्रीम गर्ल को प्रपोज कर सगाई कर ली थी। शादी के बंधन में बंधने से पहले थिया ने इटली में अपने दोस्तों के साथ बैचलरेट पार्टी भी मनाई थी।
सोशल मीडिया पर सामने आई इन तस्वीरों पर दुनिया भर के सेलिब्रिटीज और उनके फैंस ने खूब प्यार लुटाया है और इस नए सफर के लिए उन्हें ढेरों शुभकामनाएं दी हैं।