Mirzapur The Movie Trailer Release: लंबे इंतजार के बाद आखिरकार ‘मिर्जापुर: द मूवी’ का ट्रेलर रिलीज हो गया है। ट्रेलर के सामने आते ही फैंस के बीच फिल्म को लेकर उत्साह और बढ़ गया है। ‘मिर्जापुर’ की लोकप्रिय दुनिया अब ओटीटी से निकलकर बड़े पर्दे पर पहुंच रही है और इस बार कहानी का दायरा पहले से कहीं ज्यादा बड़ा नजर आ रहा है। ट्रेलर में एक्शन, हिंसा, डार्क ह्यूमर और दमदार डायलॉग्स के साथ भव्य विजुअल्स देखने को मिल रहे हैं।
फिल्म में फ्रेंचाइजी के कई पसंदीदा किरदार एक बार फिर दर्शकों के सामने होंगे। कालीन भैया के रूप में पंकज त्रिपाठी, मुन्ना भैया के किरदार में दिव्येंदु और गुड्डू पंडित के रूप में अली फजल की वापसी ने फैंस की एक्साइटमेंट बढ़ा दी है। ट्रेलर में इन किरदारों के बीच सत्ता और वर्चस्व की जंग की झलक देखने को मिलती है। ‘मिर्जापुर’ की पहचान रहे डार्क ह्यूमर, हिंसक एक्शन और दमदार संवाद इस बार भी कहानी का अहम हिस्सा नजर आ रहे हैं।
‘मिर्जापुर: द मूवी’ की कहानी सीजन 1 की दुनिया से आगे बढ़ती नजर आती है। एक बार फिर गद्दी पर कब्जे को लेकर संघर्ष देखने को मिलेगा। कहानी में नए दावेदारों की एंट्री होती है, जो पुराने पावर गेम को चुनौती देते हैं। खास बात यह है कि इस बार ‘मिर्जापुर’ की दुनिया सिर्फ पूर्वांचल तक सीमित नहीं रहती। ट्रेलर में रेगिस्तान और कई नए लोकेशंस की झलक मिलती है, जिससे फिल्म का सिनेमाई कैनवास पहले से काफी बड़ा दिखाई देता है।
फिल्म में पंकज त्रिपाठी, दिव्येंदु, अली फजल के अलावा जितेंद्र कुमार, रवि किशन, अभिषेक बनर्जी, रसिका दुग्गल, मोहित मलिक, शीबा चड्ढा, राजेश तैलंग, श्रिया पिलगांवकर, श्वेता त्रिपाठी और सोनल चौहान समेत कई कलाकार अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे। फिल्म का निर्देशन गुरमीत सिंह ने किया है, जबकि कहानी पुनीत कृष्णा ने लिखी है। रितेश सिधवानी और फरहान अख्तर इसके निर्माता हैं।
‘मिर्जापुर: द मूवी’ 4 सितंबर 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी। फिल्म हिंदी और तेलुगु भाषाओं में दर्शकों के सामने आएगी। ट्रेलर के बाद अब फैंस को बड़े पर्दे पर ‘मिर्जापुर’ का भौकाल देखने का बेसब्री से इंतजार है।