Deepika Padukone Kalki 2898 AD: साल 2024 में दुनियाभर में 1,000 करोड़ रुपये से ज्यादा की कमाई करने वाली ब्लॉकबस्टर साइंस-फिक्शन फिल्म 'कल्कि 2898 AD' के दूसरे पार्ट को लेकर सिनेमाप्रेमियों के बीच भारी उत्सुकता बनी हुई है। हालांकि फिल्म के सीक्वल को लेकर हाल ही में एक ऐसा बड़ा अपडेट सामने आया है जिसने फैंस को असमंजस में डाल दिया है।
फिल्म के डायरेक्टर नाग अश्विन ने एक इंटरव्यू के दौरान फिल्म की स्टार कास्ट और आने वाली शूटिंग शेड्यूल को लेकर बेहद अहम जानकारी शेयर की है। उनके बयान के बाद से ही सोशल मीडिया पर नई चर्चाओं का दौर शुरू हो गया है।
फिल्म के डायरेक्टर नाग अश्विन ने एक इंटरव्यू में यह साफ कर दिया है कि वे कहानी को बिना किसी नए कलाकार को जोड़े आगे बढ़ाएंगे। जब उनसे पूछा गया कि क्या सीक्वल में कुछ नए चेहरे देखने को मिलेंगे, तो उन्होंने साफ लहजे में कहा कि फिल्म में कोई नई एंट्री नहीं की जा रही है।
पहले भाग में ही बहुत सारे रोल मौजूद थे और कहानी उन्हीं के इर्द-गिर्द घूमती रहेगी। डायरेक्टर के इस बयान ने उन तमाम अटकलों पर विराम लगा दिया है जिनमें कहा जा रहा था कि दीपिका के बाहर होने के बाद किसी दूसरी एक्ट्रेस को कास्ट किया जाएगा।
दीपिका पादुकोण ने पहली फिल्म में गर्भवती सुमति का मुख्य रोल निभाया था, जो पूरी कहानी का केंद्र बिंदु थी। हालांकि वैजयंती मूवीज ने सोशल मीडिया के जरिए आधिकारिक तौर पर यह घोषणा कर दी थी कि वे और दीपिका आपसी सहमति से अलग हो रहे हैं।
खबरों के अनुसार फीस बढ़ोतरी और स्क्रीन टाइम कम होने को वजह बताया गया था, हालांकि दीपिका पादुकोण ने हमेशा सही प्रोजेक्ट्स चुनने पर जोर दिया है। अब जब कोई नई रीप्लेसमेंट नहीं हो रही है, तो दर्शकों के मन में सवाल है कि मेकर्स इस केंद्रीय किरदार के बिना कहानी को किस तरह मोड़ देंगे।
फिल्म की प्रोडक्शन प्रक्रिया पर बात करते हुए नाग अश्विन ने बताया कि अमिताभ बच्चन और कमल हासन के सोलो सीन्स और कुछ संयुक्त सीन पहले ही शूट किए जा चुके हैं। प्रभास के दूसरे प्रोजेक्ट्स में बिजी रहने के कारण शूटिंग रुकी हुई थी, लेकिन अब डेट्स की समस्या सुलझ चुकी है।
मुख्य स्टार कास्ट के साथ अक्टूबर के बीच से रेगुलर शूटिंग दोबारा शुरू कर दी जाएगी। टीम का लक्ष्य अगले साल के मध्य तक पूरा शूट खत्म कर पोस्ट-प्रोडक्शन का काम शुरू करना है।