Highlights
सोनीपत के रैपर धड़कन उर्फ दक्ष पेंढारकर ने 'हसल 5' का खिताब अपने नाम किया।
दक्ष पेंढारकर को ट्रॉफी के साथ 1 करोड़ रुपये की प्राइज मनी मिली।
दक्ष पेंढारकर ने बताया कि उन्होंने फोन के नोट्स में अपनी जीत का सपना लिखा था।
Hustle 5 Grand Finale: रैप रियलिटी शो ‘हसल 5- अपना होमग्राउंड’ को अपना नया विजेता मिल गया है। हरियाणा के सोनीपत से ताल्लुक रखने वाले रैपर धड़कन उर्फ दक्ष पेंढारकर ने अपने दमदार राइम्स और शानदार परफॉर्मेंस के दम पर इस सीजन की ट्रॉफी अपने नाम कर ली है। पैराडॉक्स स्क्वॉड के सदस्य धड़कन को जीत के साथ 1 करोड़ रुपये की प्राइज मनी भी मिली। वहीं, WhysoKai फर्स्ट रनर-अप और हरमीत सेकंड रनर-अप रहे।
‘हसल 5’ का सफर कई हफ्तों तक चले कड़े मुकाबलों और शानदार म्यूजिक से भरा रहा। इस दौरान कंटेस्टेंट्स ने अपनी रैपिंग और अनोखे अंदाज से दर्शकों का दिल जीतने की कोशिश की। आखिरकार धड़कन ने सभी को पीछे छोड़ते हुए चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया। उनकी जीत को मेहनत, लगन और लगातार बेहतर प्रदर्शन का नतीजा माना जा रहा है।
रैपर बादशाह के मार्गदर्शन में इस सीजन ने भारतीय हिप-हॉप संस्कृति को ‘अपना होमग्राउंड’ की थीम के साथ खास पहचान दी। फिनाले में कई मशहूर कलाकारों ने अपनी परफॉर्मेंस से माहौल को यादगार बनाया। राजा कुमारी, निकिता गांधी, इक्का, डिनो जेम्स, बेला, प्रिंस नरूला और किंग जैसे सितारे इस खास मौके पर नजर आए। वहीं, अभिनेता कुणाल खेमू और अभिनेत्री फातिमा सना शेख ने भी शो में शिरकत की।
विजेता बनने के बाद धड़कन ने अपनी खुशी जाहिर करते हुए बताया कि यह पल उनके लिए किसी सपने के सच होने जैसा है। उन्होंने कहा कि एक समय उन्होंने अपने फोन के नोट्स में इस जीत को मैनिफेस्ट किया था और आज वह ‘हसल 5’ के चैंपियन बन चुके हैं। उन्होंने बादशाह, सभी स्क्वॉड बॉसेज, प्रोडक्शन और म्यूजिक टीम के साथ-साथ अपने फैंस का भी शुक्रिया अदा किया।
धड़कन के मेंटर पैराडॉक्स ने उनकी जीत पर गर्व जताया और कहा कि उन्होंने अपनी मेहनत से यह मुकाम हासिल किया है। वहीं, बादशाह ने भी धड़कन के सफर की तारीफ करते हुए कहा कि उनकी प्रतिभा और मेहनत ने उन्हें इस जीत का हकदार बनाया है। रैपर बादशाह के मुताबिक, 1 करोड़ रुपये और ट्रॉफी धड़कन की मेहनत का इनाम हैं, जबकि उनके बड़े करियर की शुरुआत अब हुई है।