Harshvardhan Rane Police Company: अभिनेता हर्षवर्धन राणे जल्द ही फिल्ममेकर राम गोपाल वर्मा की अपकमिंग फिल्म ‘पुलिस कंपनी’ में एक बिल्कुल अलग अंदाज में नजर आने वाले हैं। फिल्म में वह मुंबई के चर्चित पूर्व एनकाउंटर स्पेशलिस्ट दया नायक का किरदार निभाएंगे। फिल्म को लेकर अभी ज्यादा जानकारी सामने नहीं आई है, लेकिन हर्षवर्धन ने अपने किरदार की तैयारी की पहली झलक सोशल मीडिया पर शेयर कर दी है।
हर्षवर्धन राणे ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक वीडियो शेयर किया है। इस वीडियो में वह अपनी दाढ़ी हटाते नजर आ रहे हैं। अभिनेता ने बताया कि यह उनके किरदार का शुरुआती ट्रायल लुक है और अभी इसमें कई बदलाव किए जाने बाकी हैं। वीडियो शेयर करते हुए हर्षवर्धन ने लिखा कि यह दया नायक की दुनिया में कदम रखने के लिए उनका पहला ट्रायल लुक टेस्ट था। उन्होंने बताया कि राम गोपाल वर्मा आगे इस लुक में और स्थायी डिटेल्स जोड़ेंगे।
‘पुलिस कंपनी’ की कहानी मुंबई पुलिस के उस स्पेशल एनकाउंटर स्क्वाड और उसके ऑपरेशंस पर आधारित बताई जा रही है, जिसने 1997 से 2004 के बीच मुंबई में सक्रिय अंडरवर्ल्ड और संगठित अपराध के खिलाफ कई अभियान चलाए थे। फिल्म में हर्षवर्धन राणे दया नायक की भूमिका निभाएंगे। फिल्म को टी-सीरीज प्रस्तुत करने वाली है। हालांकि अभी फिल्म की पूरी स्टारकास्ट और रिलीज डेट की आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है।
राम गोपाल वर्मा इससे पहले ‘सत्या’ और ‘कंपनी’ जैसी फिल्मों के जरिए अंडरवर्ल्ड की दुनिया को बड़े पर्दे पर अलग अंदाज में पेश कर चुके हैं। ऐसे में ‘पुलिस कंपनी’ के जरिए उनके इसी जॉनर में वापसी को लेकर भी उत्सुकता बनी हुई है। दया नायक के किरदार और मुंबई अंडरवर्ल्ड से जुड़े वास्तविक घटनाक्रमों की वजह से फिल्म को लेकर बज बढ़ सकता है।
हर्षवर्धन राणे के पास इसके अलावा ‘फोर्स 3’ भी है। फिल्म में वह जॉन अब्राहम और तान्या मानिकतला के साथ नजर आएंगे। यह फिल्म 19 मई 2027 को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है। ‘फोर्स’ फ्रैंचाइजी की पहली फिल्म 2011 में रिलीज हुई थी और इसमें जॉन अब्राहम ने लीड रोल निभाया था।