Hanuman Ansh Purnima Tiwari: नीम करोली बाबा के जीवन पर आधारित फिल्म 'हनुमान अंश' इन दिनों बॉक्स ऑफिस पर शानदार प्रदर्शन को लेकर चर्चा में है। फिल्म ने अपनी कमाई से हर किसी का ध्यान खींचा है। फिल्म में शोभिनव सत्य ने महाराज जी का किरदार निभाया है, वहीं उनकी पत्नी रामबेटी शर्मा के रोल में नजर आईं अभिनेत्री पूर्णिमा तिवारी भी दर्शकों के बीच चर्चा का विषय बनी हुई हैं। खासकर फिल्म के लोकप्रिय भक्ति गीत 'पार्वती' के बाद एक्ट्रेस को लेकर लोगों की दिलचस्पी बढ़ी है।
फिल्म का बुंदेली लोक-भक्ति गीत 'पार्वती' सोशल मीडिया पर खूब पसंद किया जा रहा है। गाने की लाइन 'जब जिद पे आ गई पार्वती' ने दर्शकों का खास ध्यान खींचा है। इस गीत को साधु एस तिवारी ने लिखा, कंपोज किया और अपनी आवाज दी है। गाने की लोकप्रियता के साथ इसमें नजर आईं पूर्णिमा तिवारी भी लोगों की नजरों में आ गईं।
लखनऊ, उत्तर प्रदेश में जन्मी पूर्णिमा तिवारी लंबे समय से एक्टिंग की दुनिया में सक्रिय हैं। उन्होंने साल 2019 में इमरान हाशमी की फिल्म 'व्हाय चीट इंडिया' से फिल्मों में कदम रखा था। इसके बाद वह नवाजुद्दीन सिद्दीकी की फिल्म 'रात अकेली है' में गुड़िया के किरदार में दिखाई दीं। पूर्णिमा ने 'हुरदंग', वेब सीरीज 'चूना' और फिल्म 'लकीरें' में भी काम किया है। फिल्मों के अलावा वह टीवी की दुनिया में भी नजर आ चुकी हैं और गुम है किसी के प्यार में जैसे शोज का हिस्सा रही हैं।
'हनुमान अंश' में पूर्णिमा तिवारी ने नीम करोली बाबा की पत्नी रामबेटी शर्मा का किरदार निभाया है। फिल्म में उनके किरदार के जरिए महाराज जी की पारिवारिक जिंदगी और रामबेटी के साथ उनके रिश्ते की झलक देखने को मिलती है। उनका सादगी भरा लुक और सहज अभिनय दर्शकों को पसंद आ रहा है।
दिलचस्प बात यह है कि पूर्णिमा को शुरुआत में रामबेटी नहीं बल्कि पार्वती माई के किरदार के लिए कास्ट करने का विचार था। फिल्म की प्रोड्यूसर अनुप्रिया नागर के मुताबिक, पहले एक्ट्रेस को इसी भूमिका के लिए सोचा गया था। हालांकि, पूर्णिमा खुद रामबेटी का किरदार निभाना चाहती थीं। उनकी इच्छा को देखते हुए आखिरकार उन्हें यह महत्वपूर्ण भूमिका मिल गई।
पूर्णिमा तिवारी भले ही पहले भी कई फिल्मों और टीवी प्रोजेक्ट्स में काम कर चुकी हों, लेकिन 'हनुमान अंश' में रामबेटी का किरदार उनके करियर के लिए खास साबित हो रहा है। फिल्म की सफलता और 'पार्वती' गाने की लोकप्रियता ने उन्हें दर्शकों के बीच एक नई पहचान दिलाई है।