Govinda Statement On Sunita Ahuja Allegations: बॉलीवुड के ‘हीरो नंबर 1’ गोविंदा एक बार फिर अपनी पर्सनल लाइफ को लेकर चर्चा में हैं। उनकी पत्नी सुनीता आहूजा के लगातार वायरल हो रहे बयानों के बीच अब गोविंदा ने भी इशारों-इशारों में अपनी बात रखी है। उनके हालिया बयान ने सोशल मीडिया पर नई बहस छेड़ दी है।
एक इंटरव्यू के दौरान गोविंदा ने बिना किसी का नाम लिए कहा कि जब कोई इंसान चुपचाप सब कुछ सुन रहा हो तो यह समझना चाहिए कि शायद वह अंदर से आहत हो। कुछ लोग देखने में ईमानदार और लॉयल लगते हैं, लेकिन हकीकत अलग हो सकती है। ईमानदारी और लॉयल्टी बहुत कम लोगों में होती है। गोविंदा के इस बयान के बाद सोशल मीडिया पर कयास लगाए जा रहे हैं कि उन्होंने यह बात अपनी पत्नी सुनीता के हालिया आरोपों के संदर्भ में कही है।
हालांकि अभिनेता ने किसी का नाम नहीं लिया, लेकिन लोग इसे उनके वैवाहिक विवाद से जोड़कर देख रहे हैं। बीते कई महीनों से गोविंदा और सुनीता आहूजा के रिश्ते को लेकर तलाक की खबरें सुर्खियों में हैं। सुनीता कई इंटरव्यू में अपने पति पर धोखा देने जैसे आरोप लगा चुकी हैं। वहीं गोविंदा ने अब तक सीधे तौर पर इन आरोपों पर प्रतिक्रिया देने से परहेज किया है।
परिवार के करीबी और कॉमेडियन कृष्णा अभिषेक भी पहले कह चुके हैं कि यह उनका निजी मामला है और वह इसमें दखल नहीं देना चाहते। ऐसे में गोविंदा का यह बयान और भी अहम माना जा रहा है। इन सब विवादों के बीच हाल ही में गोविंदा को अपने फैंस से एक खास सरप्राइज मिला। वह एक ऑफिस इवेंट में पहुंचे, जहां जेनजी पीढ़ी के युवाओं ने उनके हिट गानों पर डांस कर उन्हें ट्रिब्यूट दिया। गोविंदा फैंस का यह प्यार देखकर भावुक और खुश नजर आए।
यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ, जिसमें अभिनेता मुस्कुराते हुए युवाओं का डांस एंजॉय करते दिखे। गोविंदा और सुनीता के रिश्ते को लेकर अटकलें जारी हैं, लेकिन फिलहाल अभिनेता ने साफ तौर पर किसी पर सीधा आरोप नहीं लगाया है। उनके बयान ने जरूर यह संकेत दे दिया है कि रिश्तों में भरोसे और ईमानदारी की कमी उन्हें आहत कर रही है। अब देखना होगा कि यह विवाद आगे क्या मोड़ लेता है।