Highlights
गनमास्टर G9 का नाम फिल्म ‘सुरक्षा’ के फेमस रोल से प्रेरित है।
इमरान हाशमी, आदित्य दत्त और हिमेश रेशमिया फिर साथ दिखाई देंगे।
फिल्म गनमास्टर G9 27 नवंबर 2026 को सिनेमाघरों में दस्तक देगी।
Emraan Hashmi Upcoming Movie: बॉलीवुड एक्टर इमरान हाशमी इन दिनों अपनी आने वाली फिल्म ‘गनमास्टर जी9’ को लेकर चर्चा में हैं। फिल्म में एक्शन और रोमांस का तड़का देखने को मिलने वाला है, लेकिन इस प्रोजेक्ट की सबसे दिलचस्प बात इसका कनेक्शन दिग्गज एक्टर मिथुन चक्रवर्ती से है। दरअसल इस इमरान हाशमी की फिल्म का नाम 1979 में रिलीज हुई मिथुन चक्रवर्ती की फिल्म ‘सुरक्षा’ के फेमस रोल गनमास्टर G9 से लिया गया है।
साल 1979 में रिलीज हुई फिल्म ‘सुरक्षा’ में मिथुन चक्रवर्ती ने गनमास्टर G9 यानी गोपीनाथ का रोल निभाया था। यह एक स्पाई एक्शन फिल्म थी, जिसमें उनका अंदाज और मिशन दर्शकों के लिए खास आकर्षण थे। फिल्म का डायरेक्शन रविकांत नगाइच ने किया था। इसके बाद मिथुन चक्रवर्ती साल 1981 में आई फिल्म ‘वारदात’ में भी गनमास्टर G9 के रोल में नजर आए थे।
फिल्म मेकर दीपक मुकुट ने एक इंटरव्यू में बताया था कि उनके पास ‘सुरक्षा’ और गनमास्टर G9 से जुड़े राइट्स हैं। जब डायरेक्टर आदित्य दत्त ने उन्हें अपनी कहानी सुनाई, तो उन्हें लगा कि इस कहानी के लिए ‘गनमास्टर जी9’ नाम बिल्कुल सही रहेगा। इसी तरह पुरानी फिल्म के फेमस रोल से प्रेरित होकर नई फिल्म का ख्याल सामने आया। हालांकि यह नई कहानी पुराने रोल की हूबहू कहानी नहीं है, बल्कि इसे आज के दर्शकों के हिसाब से तैयार किया गया है।
‘गनमास्टर जी9’ में इमरान हाशमी के साथ जेनेलिया देशमुख और अपारशक्ति खुराना भी मुख्य भूमिकाओं में नजर आएंगे। फिल्म का डायरेक्शन आदित्य दत्त कर रहे हैं, जबकि इसका म्यूजिक हिमेश रेशमिया ने तैयार किया है। इस फिल्म के जरिए इमरान हाशमी, आदित्य दत्त और हिमेश रेशमिया की तिकड़ी भी फिर एकसाथ बड़े पर्दे पर साथ दिखाई दे रही है। इससे पहले इन तीनों ने साल 2005 की फिल्म ‘आशिक बनाया आपने’ में साथ काम किया था।
‘गनमास्टर जी9’ की रिलीज डेट 27 नवंबर 2026 तय की गई है। फिल्म गनमास्टर जी9 में एक्शन, रोमांस और म्यूजिक का मेल देखने को मिलेगा। ऐसे में दर्शकों की नजर इस बात पर रहेगी कि मिथुन चक्रवर्ती के दौर के फेमस स्पाई रोल से प्रेरित यह नई फिल्म बड़े पर्दे पर कितना मनोरंजन करती है।