StartFragment
Dulquer Salmaan Kantha Release Date: दक्षिण भारतीय फिल्मों के लोकप्रिय अभिनेता दुलकर सलमान (Dulquer Salmaan) की बहुप्रतीक्षित पीरियड ड्रामा फिल्म 'कांथा' की रिलीज डेट आखिरकार घोषित कर दी गई है। निर्देशक सेल्वमणि सेल्वराज की यह फिल्म अब 14 नवंबर को दुनिया भर के सिनेमाघरों में रिलीज होगी। अभिनेता दुलकर सलमान ने खुद अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर फिल्म का नया पोस्टर साझा करते हुए इसकी घोषणा की।
दुलकर ने फैंस को दीपावली की शुभकामनाए देते हुए लिखा, "दीपावली अब और भी धमाकेदार हो गई है। 'कांथा' 14 नवंबर से दुनिया भर के सिनेमाघरों में धूम मचाएगी। आप सभी को दीपावली की शुभकामनाए। सिनेमाघरों में जल्द मिलते हैं।" यह फिल्म पहले 12 सितंबर को रिलीज होने वाली थी, लेकिन इसे टाल दिया गया था।
'कांथा' की रिलीज डेट पहले अभिनेता की ही एक अन्य फिल्म 'लोका' की सफलता के कारण टाली गई थी। दुलकर सलमान द्वारा प्रोड्यूस की गई 'लोका' सिनेमाघरों में अच्छा प्रदर्शन कर रही थी, जिसके चलते मेकर्स ने 'कांथा' को आगे के लिए खिसका दिया था। कुछ समय पहले फिल्म का टीजर रिलीज किया गया था, जिसे देखने के बाद से ही फैंस फिल्म को लेकर काफी उत्साहित थे।
फिल्म 'कांथा' तमिल सिनेमा के पहले सुपरस्टार कहे जाने वाले एम.के. त्यागराज भगवतार के जीवन पर आधारित है। यह पीरियड ड्रामा फिल्म 1950 के दशक में उनकी प्रसिद्धि और व्यक्तिगत संघर्षों को दर्शाएगी। फिल्म में स्वतंत्रता के बाद के मद्रास (अब चेन्नई) की दुनिया देखने को मिलेगी, जिसमें दुलकर सलमान इस महान अभिनेता के किरदार में नजर आएंगे। फिल्म में भाग्यश्री बोरसे और समुथिरकानी जैसे सितारे भी अहम भूमिकाओं में हैं।
'कांथा' फिल्म को राणा दग्गुबाती की स्पिरिट मीडिया और दुलकर की वेफेरर फिल्म्स ने मिलकर प्रोड्यूस किया है। इस फिल्म का निर्देशन सेल्वमणि सेल्वराज ने किया है, जिन्हे नेटफ्लिक्स डॉक्यूमेंट्री 'द हन्ट फॉर वीरप्पन' के लिए जाना जाता है। दुलकर सलमान पहले इस फिल्म से बतौर अभिनेता जुड़े थे, लेकिन बाद में उन्होंने इसे प्रोड्यूस करने का भी फैसला किया।
EndFragment