Sushant Singh Rajput Disha Salian Connection: दिवंगत एक्टर सुशांत सिंह राजपूत की पूर्व मैनेजर दिशा सालियान की रहस्यमयी मौत का मामला एक बार फिर कानूनी और राजनीतिक हलकों में गर्मा गया है। जून 2020 में मुंबई के मलाड इलाके की एक बहुमंजिला इमारत की 14वीं मंजिल से गिरकर हुई दिशा की मौत के सालों बाद बॉम्बे हाईकोर्ट ने एक बेहद निर्णायक कदम उठाया है। कोर्ट ने इस पूरे मामले की जांच केंद्रीय जांच ब्यूरो यानी सीबीआई को सौंप दी है। इसके साथ ही हाईकोर्ट ने एफआईआर दर्ज कर वरिष्ठ सीबीआई अधिकारी की देखरेख में नए सिरे से पूरी पड़ताल शुरू करने के साफ निर्देश जारी किए हैं।
दिशा सालियान के पिता सतीश सालियान ने बॉम्बे हाईकोर्ट में याचिका दाखिल कर अपनी बेटी की मौत को लेकर गंभीर सवाल खड़े किए थे। उन्होंने आशंका जताई थी कि उनकी बेटी की मौत केवल एक दुर्घटना या आत्महत्या नहीं थी, बल्कि इसके पीछे एक बड़ी आपराधिक साजिश हो सकती है। पीठ ने उनके बयानों को दर्ज करने और भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता के तहत सहीं ढंग एफआईआर दर्ज करने के आदेश जारी किए हैं। अदालत ने माना कि परिवार के संशय को दूर करने और कानून की निष्पक्षता बनाए रखने के लिए केंद्रीय एजेंसी द्वारा जांच जरूरी है।
मामले को सीबीआई को सौंपते हुए हाईकोर्ट के जस्टिस सारंग कोतवाल और जस्टिस रंजीत सिंह भोसले की बेंच ने कई जरूरी गाइडलाइंस तय की हैं। कोर्ट ने साफ किया कि जब तक ठोस और पर्याप्त सबूत सामने न आ जाएं, तब तक किसी भी व्यक्ति को आरोपी के तौर पर न देखा जाए और न ही बेवजह हिरासत में लिया जाए। यदि जांच के अंत में कोई संज्ञेय अपराध साबित होता है, तो सीबीआई सक्षम कोर्ट में चार्जशीट पेश करेगी। वहीं अगर कोई अपराध नहीं बनता है, तो नियम के अनुसार क्लोजर रिपोर्ट दाखिल की जाएगी, जिस पर पिता को अपनी आपत्ति दर्ज कराने का अधिकार होगा।
8 जून 2020 को दिशा सालियान की संदिग्ध हालात में मौत हुई थी, जिसके सिर्फ कुछ दिनों बाद एक्टर सुशांत सिंह राजपूत का शव भी उनके फ्लैट में मिला था। शुरुआत में मुंबई पुलिस ने इसे दुर्घटना से हुई मौत मानकर आकस्मिक मृत्यु रिपोर्ट दर्ज की थी। हालांकि, याचिकाकर्ता के वकीलों ने कोर्ट के सामने अपना पक्ष रखते हुए कहा कि पुलिस की थ्योरी और घटना से जुड़े मेडिकल डॉक्यूमेंट में कई तरह की गड़बड़िया हैं। अब सीबीआई की जांच से यह साफ हो सकेगा कि उस रात असल में क्या परिस्थितियां रही थीं और मौत की असली वजह क्या थी।