Bigg Boss 19 Ticket To Finale: 'बिग बॉस 19' के घर में 26 नवंबर का एपिसोड एक बड़े ड्रामे और हाई वोल्टेज फाइट से भरपूर रहा। घर में बहुप्रतीक्षित 'टिकट टू फिनाले' टास्क शुरू हो चुका है, जिसने घरवालों के बीच जबरदस्त बवाल पैदा कर दिया। एक तरफ तान्या और अशनूर के बीच ज़ुबानी जंग छिड़ गई, वहीं दूसरी ओर तान्या और फरहाना का झगड़ा प्रणित के साथ भी हुआ। इन सब हंगामे के बीच यह देखना दिलचस्प होगा कि इस सीजन का पहला फाइनलिस्ट कौन बनता है।
एपिसोड की शुरुआत में बिग बॉस ने घरवालों को 'टिकट टू फिनाले' का टास्क समझाया। उन्होंने बताया कि यह एक 'आग का दरिया' है, जिसमें डूबकर नहीं, बल्कि चलकर जाना है। इस रेस का दूसरा हिस्सा खेला जाएगा, जिसके अंत तक चार लोगों का सपना इस आग के दरिया में जलकर भस्म हो जाएगा और वे रेस से परमानेंटली बाहर हो जाएंगे। टास्क के नियम के अनुसार, दो-दो की चार रेस होंगी, जिसमें घरवालों को सामने मौजूद लावा के ट्रैक को पार करना है। इस ट्रैक को पार करने के लिए उन्हें एक हेल्पर की मदद लेनी होगी, जो फायर प्रूफ ग्लव्स पहनकर उनके लिए प्लेटफॉर्म लगाकर रास्ता बनाएगा।
टास्क की पहली रेस तान्या और अशनूर के बीच शुरू हुई। सबसे पहले, घरवालों को घास से बोरियां भरनी थीं, जिसका वजन सबसे ज्यादा होगा वह हेल्पर बनेगा। इस राउंड में गौरव और प्रणित की बोरियों का वजन सबसे ज्यादा निकला, जिन्हें हेल्पर बनाया गया। गौरव ने अशनूर की मदद करने का फैसला किया, और प्रणित ने तान्या की हेल्प की। पहले राउंड में अशनूर, तान्या को हराते हुए जीत गईं।
रेस हारने के बाद तान्या बुरी तरह बौखला गईं और गुस्से में आग-बबूला हो गईं। उन्होंने आरोप लगाया कि उन्हें इन तीनों यानी अशनूर, गौरव और प्रणित ने मिलकर हराया है। तान्या ने अशनूर से कहा, "तू पहुंचेगी नहीं फिनाले तक। लिखकर लेले मुझसे। चीटर कहीं की।" तान्या ने गौरव को भी चीटर कहा, जिस पर गौरव ने मज़ाक उड़ाते हुए कहा, "ओहो सर हट गया। असलियत आ गई बाहर।" इसके बाद बिग बॉस ने ऐलान किया कि तान्या फिनाले की रेस से बाहर हो गई हैं और अशनूर फिनाले की रेस में शामिल होती हैं।
टास्क के बीच में तान्या और फरहाना का झगड़ा प्रणित से भी हुआ। फरहाना, गुस्से में प्रणित के लुक्स पर भद्दा कमेंट करती नजर आईं, वहीं तान्या भी उन्हें खरी-खोटी सुनाती दिखीं। घर में इस हाई वोल्टेज ड्रामा के बीच, अब यह देखना दिलचस्प होगा कि टिकट टू फिनाले टास्क कौन-कौन जीतता है और इस सीजन का पहला फाइनलिस्ट बनने का गौरव किसे हासिल होता है।