Asha Bhosle Passes Away: आशा भोसले का 92 साल की उम्र में निधन हो गया है। आशा भोसले को शनिवार को मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जिसके बाद उनकी पोती जनाई भोसले ने हेल्थ अपडेट दिया था और बताया था कि उनकी दादी को बहुत ज्यादा थकान और सीने में इन्फेक्शन की वजह से अस्पताल में भर्ती कराया गया। अब खबर आई है कि उनका निधन हो गया है।
महाराष्ट्र के संस्कृति मंत्री आशीष शेलार ने अस्पताल के बाहर मीडिया से बात करते हुए इस खबर की पुष्टि की। डॉक्टर प्रतीत समदानी भी वहां मौजूद थे। उनका अंतिम संस्कार कल शाम 4 बजे शिवाजी पार्क में होगा।
निधन से कुछ घंटे पहले देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दिग्गज गायिका के स्वस्थ होने की कामना की थी। उन्होंने एक्स पर लिखा, ''यह सुनकर चिंता में हूं कि आशा भोसले जी को अस्पताल में भर्ती कराया गया है. उनके अच्छे स्वास्थ्य और जल्द स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं।''
आशा जी पिछले कुछ दिनों से सीने में संक्रमण के चलते अस्पताल में भर्ती थीं। उनकी पोती जनाई भोसले और बेटे आनंद भोसले लगातार उनके साथ थे। डॉक्टरों की तमाम कोशिशों के बावजूद, भारतीय संगीत की इस सबसे चमकदार आवाज ने आज दुनिया को अलविदा कह दिया।
आशा भोसले का करियर किसी चमत्कार से कम नहीं था। उन्होंने 1943 में अपना पहला गाना रिकॉर्ड किया था और तब से लेकर आज तक उन्होंने 12,000 से अधिक गाने गाए। 20 से अधिक भारतीय भाषाओं में अपनी आवाज दी। 'पिया तू अब तो आजा' से लेकर 'दिल चीज क्या है' तक, हर मूड के गानों को अमर बनाया।
संगीत के अलावा, उन्होंने बिजनेस की दुनिया में भी अपनी धाक जमाई थी। उनकी 'Asha’s' नाम की रेस्टोरेंट चेन दुबई, कुवैत और यूके जैसे देशों में बेहद सफल है, जो उनकी बहुमुखी प्रतिभा का प्रमाण है।