मनोरंजन

'विजय 69' बने अनुपम खेर के भीतर है आईफोन 69 का सिस्टम, हमेशा होता है अपडेट

अनुपम खेर इस समय अपनी फिल्म 'विजय 69' को लेकर चर्चा में हैं। इसी बीच उन्होंने खुद यह बताया है कि वह हमेशा अपने आप को बदलते रहते हैं। उनके अंदर आईफोन 69 अपडेटिंग सिस्टम है। आइए जानते हैं अनुपम खेर ने क्या कुछ कहा है।

अनिल सिंह

मुंबई: अनुपम खेर बॉलीवुड के बेहतरीन कलाकारों में गिने जाते हैं। बॉलीवुड में सारांश नाम की फिल्म से अपने करियर की शुरुआत उन्होंने की थी और उनकी ताजा फिल्म 'विजय 69' इस समय चर्चा में है। दोनों ही फिल्म में एक बात खास है। दोनों ही फिल्मों में अनुपम खेर ने बुजुर्ग व्यक्ति का किरदार निभाया है। लेकिन सारांश के समय वह जवान थे और अब उनकी उम्र 68 साल की है। इस बीच उनका फिल्मी सफर बेहतरीन रहा और उन्होंने 40 साल के अपने फ़िल्मी करियर में एक से बढ़कर एक फिल्में बॉलीवुड को दी है। यही कारण है कि दर्शक उन्हें हर फिल्म में पसंद करते हैं।

नवभारत से बातचीत के दौरान उन्होंने बताया कि वह हर वक्त कुछ न कुछ नया सीखने का प्रयास करते हैं, उन्हें उनके स्टूडेंट से भी काफी कुछ सीखने को मिलता है और उनका यही जज्बा उनके एक्टिंग में दिखाई भी देता है। बातचीत के दौरान अनुपम खेर ने यह भी बताया कि उन्हें एक्टिंग करना पसंद है और नई चीजों को सीखना पसंद है। जैसे एक मोबाइल या इलेक्ट्रॉनिक सामान वक्त वक्त के साथ अपडेट होता है, ऐसे कलाकारों को भी अपडेट होते रहना चाहिए, क्योंकि अगर वह खुद को अपडेट नहीं रखेंगे तो फिर एक समय आएगा कि वह मौजूदा वक्त से खुद को कटा हुआ महसूस करेंगे।

अनुपम खेर 68 साल की उम्र में भी नई चीजों को सीखने के लिए उत्सुक रहते हैं। अनुपम खेर की फिल्म 'विजय 69' में उन्होंने एक ऐसे बुजुर्ग इंसान का किरदार निभाया है जो रिटायरमेंट के बाद अपने सपने को पूरा करने की जद्दोजहद में लग जाता है। दर्शकों को यह फिल्म पसंद आ रही है। जब उनसे पूछा गया कि अपने करियर में आपने विभिन्न किरदार निभाए हैं। इंडस्ट्री में 40 साल पूरा करने के बाद भी आपको लगता है कि आपके भीतर का एक्टर अब भी सीख रहा है? तो उन्होंने जवाब दिया, मैंने एक्टिंग स्कूल खोल करके अपने ऊपर एक बड़ा एहसान किया है कि अब मुझे एक्टिंग करते रहना होगा। मैं नहीं चाहता कि मेरा कोई स्टूडेंट मेरी फिल्म देखकर ये कहे कि ‘अरे यार ये हमारा प्रिंसिपल है।’ आजकल के बच्चों से मुझे काफी कुछ सीखने को मिलता है। उनका जो अंदाज है, किसी रोल को लेकर उनकी जो समझ है वो बेहद अलग है। उनके कारण मैं अपने आप को अपग्रेड करता रहता हूं। जैसे आईफोन 16 है, वैसे मेरा भीतर का सिस्टम आईफोन 69 है।

नेहा बोरा की याचिका दिल्ली हाई कोर्ट ने की खारिज, भरना पड़ेगा पीस बॉन्ड

बिहार के सीवान में पटाखा फैक्टरी में भीषण विस्फोट, आठ लोगों की मौत; कई घायल

LAC पर भारत-चीन के बीच क्या बातचीत चल रही है? विदेश मंत्रालय के बयान का पूरा मतलब समझिए

MLC Election 2026 LIVE: चार राज्यों की 28 सीटों पर मतदान खत्म, कब आएंगे नतीजे?

रुला रहा अलनीनो: दलहन-गुड़-शक्कर के भाव आसमान पर, एथनॉल उत्पादन पर लग सकती है रोक!