Highlights
कानपुर के एक इवेंट को लेकर अंजलि अरोड़ा विवादों में घिर गई हैं।
आयोजकों ने अंजलि अरोड़ा को कथित तौर पर लीगल नोटिस भेजा है।
आयोजकों ने मानहानि और आर्थिक नुकसान के लिए कुल 1.20 करोड़ रुपये की मांग की है।
Anjali Arora Legal Notice: सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर और एक्ट्रेस अंजलि अरोड़ा एक बार फिर चर्चा में हैं। कानपुर में एक कार्यक्रम के दौरान हुए विवाद के बाद अब उनकी कानूनी मुश्किलें बढ़ती नजर आ रही हैं। रिपोर्ट्स के मुताबिक, इवेंट के आयोजकों ने अंजलि को कानूनी नोटिस भेजकर 1.20 करोड़ रुपये के मुआवजे की मांग की है। साथ ही उनसे 15 दिनों के भीतर सार्वजनिक रूप से माफी मांगने को कहा गया है।
दरअसल, कानपुर में आयोजित एक कार्यक्रम में अंजलि अरोड़ा स्टेज पर मौजूद थीं। इसी दौरान डीजे ने उनका चर्चित गाना ‘कच्चा बादाम’ बजा दिया। बताया जा रहा है कि गाना सुनने के बाद अंजलि नाराज हो गईं और डीजे से बात करने के लिए पीछे मुड़ गईं। इसके बाद कार्यक्रम को लेकर विवाद खड़ा हो गया। आयोजकों ने अंजलि पर पब्लिसिटी स्टंट करने और कार्यक्रम को प्रभावित करने का आरोप लगाया था। उन्होंने कानूनी कार्रवाई की चेतावनी भी दी थी।
अमर उजाला की रिपोर्ट के मुताबिक, वकील करीम अहमद सिद्दीकी ने बताया कि आयोजकों ने अंजलि अरोड़ा से कुल 1.20 करोड़ रुपये के मुआवजे की मांग की है। इसमें कथित मानहानि के लिए 1 करोड़ रुपये और कार्यक्रम के दौरान हुए आर्थिक नुकसान की भरपाई के लिए 20 लाख रुपये शामिल हैं।
आयोजकों का दावा है कि अंजलि को कार्यक्रम में करीब 45 मिनट तक स्टेज पर रहना था। इसके अलावा उन्हें प्रायोजकों और खास मेहमानों को स्मृति चिह्न भी देने थे। आयोजकों का आरोप है कि अंजलि के बीच में ही कार्यक्रम छोड़कर चले जाने से मेहमानों पर खराब प्रभाव पड़ा और उन्हें आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा।
आयोजकों के मुताबिक, कार्यक्रम में शामिल होने के लिए अंजलि अरोड़ा को 3 लाख रुपये दिए गए थे। इसके अलावा उनके आने-जाने की व्यवस्था पर 1 लाख रुपये से अधिक खर्च किए गए थे। आयोजकों ने नोटिस के जरिए 15 दिनों के भीतर सार्वजनिक माफी की मांग भी की है।
फिलहाल, इस कानूनी नोटिस और मुआवजे की मांग पर अंजलि अरोड़ा की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। ऐसे में अब देखना होगा कि वह इस विवाद पर क्या कदम उठाती हैं। फिलहाल यह मामला आयोजकों के आरोपों और उनकी ओर से की गई कानूनी कार्रवाई की मांग के बीच चर्चा में है।