Ameesha Patel Mother House Theft: बॉलीवुड एक्ट्रेस अमीषा पटेल की मां आशा पटेल के मुंबई स्थित घर में हुई लाखों रुपये के गहनों की चोरी के मामले में पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है। मरीन ड्राइव पुलिस ने इस मामले में उनके घर पर काम करने वाली 40 वर्षीय महिला को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि महिला ने आशा पटेल के घर से करीब 5 लाख रुपये कीमत के हीरे और सोने के कंगन चोरी किए थे। यह घटना इसी साल जनवरी में साउथ मुंबई के चर्चगेट इलाके में हुई थी।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, आशा पटेल के घर से कंगन गायब होने के बाद उन्हें घर में काम करने वाली सीमा विनोद घाटे पर शक हुआ था। सीमा करीब डेढ़ साल से उनके घर में हाउस हेल्प के तौर पर काम कर रही थी। आशा पटेल ने कथित तौर पर कई महीनों तक उसे समझाने और कंगन वापस करने के लिए कहा। हालांकि, जब महिला ने चोरी की बात स्वीकार नहीं की, तो आशा पटेल ने पुलिस का रुख किया और मरीन ड्राइव थाने में शिकायत दर्ज कराई। इसके बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की।
मरीन ड्राइव पुलिस की क्राइम डिटेक्शन टीम ने जांच के दौरान सीमा को विरार से हिरासत में लिया। पूछताछ के बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने आरोपी को अदालत में पेश किया, जिसके बाद उसे 15 सितंबर तक पुलिस रिमांड में भेज दिया गया है। हालांकि, चोरी किए गए कंगन अभी तक बरामद नहीं हुए हैं। पुलिस अब गहनों की तलाश कर रही है। मामले में आगे की जांच जारी है।
वहीं, अमीषा पटेल की प्रोफेशनल लाइफ की बात करें तो एक्ट्रेस काफी समय से बड़े पर्दे से दूर हैं। उन्हें आखिरी बार जनवरी 2024 में रिलीज हुई फिल्म 'तौबा तेरा जलवा' में देखा गया था। रोमांटिक-कॉमेडी जॉनर की यह फिल्म बॉक्स ऑफिस पर खास प्रदर्शन नहीं कर पाई थी।
अमीषा की आखिरी बड़ी सफल फिल्म 'गदर 2' थी, जो 2023 में रिलीज हुई थी। फिल्म में वह सनी देओल के साथ नजर आई थीं और उनकी भूमिका को दर्शकों ने काफी पसंद किया था। फिलहाल फैंस को अमीषा पटेल के अगले प्रोजेक्ट का इंतजार है।