Bhoot Bangla Motion Poster Release: बॉलीवुड स्टार अक्षय कुमार इन दिनों अपनी आने वाली फिल्म ‘भूत बंगला’ को लेकर जबरदस्त चर्चा में हैं। यह हॉरर-कॉमेडी फिल्म जल्द ही सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है और फैंस इसके टीजर का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। इसी बीच अक्षय कुमार ने अपने प्रशंसकों को एक खास सरप्राइज दिया है।
अभिनेता ने सोशल मीडिया पर फिल्म का नया मोशन पोस्टर शेयर किया है, जिसने फैंस की उत्सुकता और बढ़ा दी है। पोस्टर में एक पेड़ पर चमगादड़ उल्टा लटका हुआ दिखाई देता है और उसी अंदाज में अक्षय कुमार भी पेड़ से उल्टे लटके नजर आ रहे हैं। इस अनोखे अंदाज में अभिनेता मुस्कुराते हुए दिखाई देते हैं, जिससे पोस्टर में कॉमेडी और हॉरर का दिलचस्प मिश्रण झलकता है।
पोस्टर में अक्षय कुमार के गले में लटका पर्स भी नजर आता है, जो उल्टा लटकते हुए उनके चेहरे के पास आ गया है। अभिनेता ने इस पोस्टर को शेयर करते हुए मजेदार कैप्शन भी लिखा। उन्होंने कहा कि वह भी फैंस की तरह ही फिल्म के टीज़र के रिलीज होने का इंतजार कर रहे हैं।
अक्षय कुमार की इस पोस्ट पर फैंस ने जमकर प्रतिक्रिया दी। कई यूजर्स ने कमेंट करते हुए कहा कि उन्हें अक्षय और निर्देशक प्रियर्दशन की जोड़ी का लंबे समय से इंतजार था। कुछ फैंस ने यह भी लिखा कि यह फिल्म हॉरर-कॉमेडी जॉनर में बड़ा धमाका करने वाली है।
फिल्म की स्टार कास्ट भी काफी दमदार है। अक्षय कुमार के अलावा इसमें वामिका गब्बी, परेश रावल, तब्बू और राजपाल यादव जैसे कलाकार अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे।
ये भी पढ़ें- अनुराग डोभाल पर फूटा भाई का गुस्सा, लगाए गए आरोपों पर किया पर्दाफाश! बोले- अगर दोषी हूं तो..
बताया जा रहा है कि यह फिल्म लंबे समय बाद अक्षय कुमार और प्रियदर्शन की जोड़ी को फिर से बड़े पर्दे पर साथ लेकर आ रही है। दोनों ने इससे पहले कई सुपरहिट कॉमेडी फिल्मों में साथ काम किया है, जिन्हें दर्शकों ने खूब पसंद किया था।
वर्क फ्रंट की बात करें तो अक्षय कुमार की हॉरर-कॉमेडी फिल्मों में भूल भुलैया खास तौर पर लोकप्रिय रही है। वहीं उनकी कॉमिक टाइमिंग 'हेरा फेरी', 'फिर हेरा फेरी', 'गरम मसाला' और 'भागम भाग' जैसी फिल्मों में खूब सराही गई है। ‘भूत बंगला’ 10 अप्रैल 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है और मेकर्स को उम्मीद है कि यह फिल्म दर्शकों को हंसी और डर का मजेदार अनुभव देगी।