Akansha Ranjan Kapoor Wedding: अभिनेत्री आकांक्षा रंजन कपूर अब अपनी शादी को लेकर चर्चा में हैं। आकांक्षा ने फिल्ममेकर शरण शर्मा के साथ शादी रचा ली है। दोनों की शादी की पहली तस्वीरें सोशल मीडिया पर सामने आते ही वायरल हो गई हैं। इन तस्वीरों में नवविवाहित जोड़े की खुशी और प्यार साफ झलक रहा है। खास बात यह रही कि शादी के दौरान आकांक्षा कई मौकों पर भावुक भी नजर आईं।
अपने खास दिन के लिए आकांक्षा रंजन कपूर ने पारंपरिक लाल रंग की साड़ी चुनी, जिस पर खूबसूरत गोल्डन एम्ब्रॉयडरी की गई थी। उन्होंने इसके साथ मैचिंग एम्बेलिश्ड ब्लाउज पहना और हैवी जड़ाऊ नेकलेस, मांग टीका, झुमके, लाल चूड़ियां, गोल्डन कलीरे और हाथफूल पहनकर अपने ब्राइडल लुक को पूरा किया। उनका यह ट्रेडिशनल अवतार फैंस को खूब पसंद आ रहा है। वहीं, दूल्हे शरण शर्मा भी पारंपरिक आउटफिट में बेहद आकर्षक नजर आए।
आकांक्षा और शरण तस्वीरों में एक-दूसरे का हाथ थामे, गले लगते और मुस्कुराते हुए दिखाई दे रहे हैं। शादी की तस्वीरों में सिर्फ खुशी ही नहीं, बल्कि भावनाएं भी साफ नजर आईं। एक तस्वीर में आकांक्षा की आंखों में खुशी के आंसू दिखाई दिए, जबकि दूसरी तस्वीर में वह अपने पति शरण शर्मा की ओर प्यार भरी मुस्कान के साथ देखती नजर आईं। दोनों की केमिस्ट्री ने फैंस का दिल जीत लिया है।
आकांक्षा और शरण ने अपनी शादी को बेहद निजी रखा। वेडिंग सेरेमनी उनके अपार्टमेंट के गार्डन में आयोजित की गई, जहां परिवार और करीबी दोस्तों की मौजूदगी में दोनों ने एक-दूसरे को जीवनसाथी के रूप में स्वीकार किया। समारोह में साइनिंग सेरेमनी के साथ-साथ कपल और उनके करीबियों की भावुक स्पीच भी हुई, जिसने पूरे माहौल को और खास बना दिया।
आकांक्षा रंजन कपूर और शरण शर्मा की लव स्टोरी किसी फिल्मी कहानी से कम नहीं है। दोनों की पहली मुलाकात एक कॉमन फ्रेंड के जरिए हुई थी। धीरे-धीरे दोस्ती प्यार में बदली और अब दोनों ने शादी के बंधन में बंधकर अपने रिश्ते को नया नाम दे दिया है। आकांक्षा की शादी में बॉलीवुड की कई जानी-मानी हस्तियों ने भी शिरकत की। उनकी खास दोस्त आलिया भट्ट समेत कई सितारे शादी से पहले आयोजित प्री-वेडिंग फंक्शन्स में शामिल हुए थे।