Women Reseravtion Bill Bansuri Swaraj: दिल्ली में महिलाओं के लिए आरक्षण से जुड़ा संविधान संशोधन विधेयक लोकसभा में वोटों के बंटवारे के बाद गिर जाने पर महिलाएं सड़क पर उतर आई है। भारतीय जनता पार्टी की महिला नेताओं समेत महिला सांसद भी सड़क पर विपक्ष के खिलाफ प्रदर्शन कर रही है। इन प्रदर्शनों के दौरान, BJP नेताओं और कार्यकर्ताओं ने लोकसभा में विपक्ष के नेता और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी का पुतला जलाया।
प्रदर्शन को बढ़ता देख दिल्ली पुलिस ने भाजपा सांसदों कमलजीत सहरावत और बांसुरी स्वराज सहित कई कार्यकर्ताओं और नेताओं को हिरासत में ले लिया और प्रदर्शनकारियों को तितर-बितर करने के लिए वॉटर कैनन का इस्तेमाल किया।
विरोध प्रदर्शन के दौरान BJP सांसद बांसुरी स्वराज ने कहा, "हमारे शांतिपूर्ण विरोध प्रदर्शन को वॉटर कैनन से रोक दिया गया है। लेकिन कोई भी वॉटर कैनन हमें देश की महिलाओं के लिए खड़े होने से नहीं रोक सकता।"
दिल्ली में विरोध प्रदर्शन के दौरान, BJP सांसद कमलजीत सहरावत ने कहा, “इससे कोई फ़र्क नहीं पड़ता कि वे हमें जेल में डाल दें। हम महिलाओं के लिए यह लड़ाई लड़ते रहेंगे। हमारे साथ विश्वासघात हुआ है। कांग्रेस पार्टी और INDIA गठबंधन ने कल बिल के ख़िलाफ़ वोट देकर इस देश की महिलाओं का अपमान किया है, और हम इसे बर्दाश्त नहीं करेंगे।”
यह भी पढ़ें - महिला आरक्षण पर छिड़ा घमासान! स्मृति ईरानी ने कांग्रेस का क्रूर चेहरा किया बेनकाब, कहा- जश्न में डूबी कांग्रेस
प्रदर्शनकारियों ने कांग्रेस पर नारी शक्ति का अपमान करने का आरोप लगाया और हाथों में तख्तियां और बैनर लेकर मोतीलाल नेहरू मार्ग से सुनहरी बाग रोड स्थित राहुल गांधी के घर तक मार्च करते हुए पहुंचे। कुछ महिला प्रदर्शनकारियों ने अपना गुस्सा जाहिर करने के लिए अपने माथे पर काली पट्टियां बांधी हुई थीं। इस दौरान दिल्ली पुलिस ने उग्र प्रदर्शन को देखते हुए कुछ कार्यकर्ताओं और नेताओं को डिटेन किया, जिन्हें मंदिर मार्ग थाने ले जाया गया।