Sonam Wangchuk Wife Demands Family Consent Before Medical Treatment: दिल्ली स्थित जंतर-मंतर पर अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल पर बैठे सोनम वांगचुक को सफदरजंग अस्पताल ले जाया गया है। उनकी अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल का शनिवार को 21वां दिन था। दिल्ली पुलिस ने हाईकोर्ट के आदेश का हवाला देते हुए उन्हें मेडिकल आधार पर जंतर-मंतर स्थित विरोध स्थल से हटाया। फिलहाल सफदरजंग अस्पताल के बाहर सुरक्षा कड़ी कर दी गई है।
सफदरजंग अस्पताल के अंदर और बाहर दिल्ली पुलिस की टीमें तैनात हैं। सोनम वांगचुक के समर्थक अस्पताल के अंदर न पहुंच सकें, इसके लिए सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत किया गया है। पैरामेडिकल स्टाफ की तैनाती भी की गई है।
हालांकि, सोनम वांगचुक की पत्नी गीतांजलि अंग्मो अस्पताल पहुंची हैं। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर लिखा कि वो दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल में हैं, जहां सोनम वांगचुक को भर्ती कराया गया है। उन्होंने कहा की उनकी, वांगचुक के परिवार और उन डॉक्टरों की सहमति के बिना जो पिछले 20 दिनों से उनकी सेहत पर नजर रख रहे हैं, उन्हें मुंह से या नस के जरिए कोई भी दवा या चीज नहीं दी जानी चाहिए।
इससे पहले सोनम वांगचुक को अस्पताल ले जाते समय दिल्ली पुलिस को प्रदर्शनकारियों के विरोध का सामना करना पड़ा। पुलिसकर्मियों और प्रदर्शनकारियों के बीच हल्की धक्कामुक्की भी हुई। प्रदर्शनकारियों ने सरकार और पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। पुलिस की टीम भीड़ के बीच से सोनम वांगचुक को लेकर मंच से नीचे उतरी और उन्हें एंबुलेंस के जरिए अस्पताल पहुंचाया। हालांकि, प्रदर्शन स्थल पर फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है और किसी अप्रिय घटना की सूचना नहीं है।
दिल्ली पुलिस ने 'एक्स' पोस्ट में बताया कि हाईकोर्ट के आदेशों और मेडिकल एक्सपर्ट्स की सलाह के अनुसार सोनम वांगचुक की बिगड़ती सेहत को देखते हुए उन्हें जरूरी मेडिकल देखभाल के लिए अस्पताल में शिफ्ट किया गया है।
पुलिस ने कहा कि हाईकोर्ट के आदेशों का पालन करते हुए प्रदर्शनकारियों ने बाधा डालने की कोशिश की, जिससे थोड़ी अफरातफरी की स्थिति बनी, लेकिन पुलिस ने संयम बरतते हुए पूरी प्रक्रिया सुरक्षित तरीके से पूरी की।
यह भी पढ़ें सोनम वांगचुक की हालत कमजोर… सफदरजंग अस्पताल का बयान आया सामने, डॉक्टर्स ने दी हेल्थ रिपोर्ट
नई दिल्ली के डीसीपी सचिन शर्मा ने मीडिया से बात करते हुए कहा, "हाईकोर्ट के आदेशानुसार और स्वास्थ्य की स्थिति व मेडिकल सलाह के अनुसार सोनम वांगचुक को जरूरी मेडिकल इलाज के लिए सरकारी अस्पताल में ले जाया गया है। वे अभी मेडिकल निगरानी में हैं।"
उन्होंने बताया कि अस्पताल में उनकी स्वास्थ्य स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।
-IANS ऐजेंसी इनपुट