Seelampur Garment Warehouse Fire: देश की राजधानी दिल्ली में आग लगने की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। रविवार की सुबह दिल्ली के पुरानी सीलमपुर इलाके से एक बड़ी खबर सामने आई, जहां एक तीन मंजिला इमारत में स्थित गारमेंट की दुकान और गोदाम में अचानक भीषण आग लग गई। आग लगने की इस घटना से पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। हालांकि, राहत की बात यह रही कि इस हादसे में कोई भी हताहत नहीं हुआ है और दमकल विभाग ने सूझबूझ से काम लेते हुए समय रहते आग पर पूरी तरह काबू पा लिया।
दिल्ली दमकल विभाग के अनुसार, शाहदरा जिले के पुरानी सीलमपुर इलाके में स्थित इस तीन मंजिला इमारत का उपयोग कुर्ती गारमेंट के गोदाम के रूप में किया जा रहा था। रविवार की सुबह करीब 8:21 से 8:22 बजे के बीच अचानक इस इमारत से आग लगने की सूचना दमकल विभाग को दी गई। सुबह-सुबह लगी इस आग की खबर मिलते ही दमकल विभाग तुरंत एक्शन में आ गया और बिना कोई वक्त गंवाए दमकल की चार गाड़ियों को तुरंत घटना स्थल के लिए रवाना कर दिया गया।
घटना स्थल पर पहुंचे दमकल विभाग के अधिकारी अनूप सिंह ने बताया कि जब उनकी टीम मौके पर पहुंची, तो स्थिति बेहद चुनौतीपूर्ण और खतरनाक थी। पुरानी सीलमपुर का यह इलाका बेहद तंग रास्तों और संकरी गलियों के लिए जाना जाता है, जिसके कारण आग बुझाने वाली गाड़ियों को मुख्य इमारत तक पहुंचाने में बहुत कठिनाई का सामना करना पड़ा। आग की लपटें तेज थीं और चारों तरफ घना धुआं फैल गया था।
ऐसी मुश्किल स्थिति में भी दमकल कर्मियों ने हिम्मत नहीं हारी। उन्होंने किसी तरह गाड़ियों को इमारत के जितना संभव हो सके करीब पहुंचाया और वहां से होज पाइप बिछाकर आग बुझाने का काम शुरू किया। आग पर काबू पाने के लिए फायर ब्रिगेट को पांच हौज लाइनें लगानी पड़ीं। कड़ी मशक्कत के बाद आखिरकार भारी धुएं के बीच आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया। वर्तमान में अधिकारी पूरे परिसर का मुआयना कर रहे हैं और आग से हुए नुकसान का आकलन किया जा रहा है।
दिल्ली में आग का यह एकमात्र मामला नहीं था। इससे ठीक पहले देर रात दिल्ली के ही राजधानी पार्क मेट्रो स्टेशन के पास स्थित टिम्बर मार्केट में भी भीषण आग लगने की घटना सामने आई। यह आग इतनी खतरनाक थी कि देखते ही देखते यह पहली मंजिल से लेकर तीसरी मंजिल तक फैल गई। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए मौके पर 20 से 22 दमकल गाड़ियों को तैनात करना पड़ा। दमकल कर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद इस आग पर पूरी तरह काबू पाया। इस बड़े हादसे में भी गनीमत यह रही कि कोई जानमाल का नुकसान नहीं हुआ।
इन हालिया घटनाओं ने इस महीने की शुरुआत में दिल्ली शहर के ही रघुबीर नगर में हुए एक दर्दनाक हादसे की यादें ताजा कर दी हैं। रघुबीर नगर में एक किराए के परिसर की पहली मंजिल पर चार्ज की जा रही पोर्टेबल ई-रिक्शा बैटरियों के कारण तड़के सुबह करीब 5:24 बजे भयानक आग लग गई थी। ख्याला पुलिस स्टेशन को इस घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची थी, जहां उन्हें दो लोग गंभीर रूप से झुलसे हुए मिले।
इन घायलों की पहचान बिहार के भागलपुर के रहने वाले 17 वर्षीय मो. सूफेद और 38 वर्षीय मो. साहमद के रूप में हुई थी, जो दिल्ली में ई-रिक्शा चलाने का काम करते थे। अस्पताल ले जाने के बाद दोनों की गंभीर रूप से घायल होने के कारण मौत हो गई थी। पुलिस इस किराए के परिसर में पोर्टेबल बैटरी चार्ज करने से जुड़े कारणों की गहनता से जांच कर रही है।