Delhi Police Lathicharge on CJP Protesters: दिल्ली के जंतर-मंतर से संसद तक विरोध मार्च करने निकले कॉकरोच जनता पार्टी के प्रदर्शनकारियों पर पुलिस ने लाठीचार्ज कर दिया। गौरतलब है कि प्रदर्शनकारी सीजेपी के प्रस्तावित 'संसद मार्च' कार्यक्रम के तहत पार्लियामेंट की ओर बढ़ रहे थे। हालांकि, इसके लिए पुलिस की ओर से अनुमति नहीं दी गई थी। इसके बावजूद भी भारी संख्या में लोग जंतर-मंतर से संसद की तरफ बढ़ने लगे। भीड़ को रोकने के लिए पुलिस को बल का प्रयोग करना पड़ा।
दिल्ली पुलिस द्वारा प्रदर्शनकारियों के ऊपर की गई लाठीचार्ज की वीडियो सोशल मीडिया पर काफी तेजी से वायरल हो रही है। अलग-अलग वीडियो में देखा जा सकता है कि पुलिस किस तरह बेरहमी से प्रदर्शनकारियों पर बल का प्रयोग कर रही है। एक अन्य वायरल वीडियो में देखा जा रहा है कि एक युवक बीच में खड़ा है और सुरक्षाकर्मियों द्वारा लगातार उस पर लाठियां बरसाई जा रही हैं। इसके अलावा वीडियो में युवक को गाली भी दिया जा रहा है।
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर वायरल यह वीडियो दिल्ली के जंतर-मंतर की बताई जा रही है। जहां कॉकरोच जनता पार्टी और उसके समर्थकों का धरना प्रदर्शन चल रहा है। जब प्रदर्शनकारी संसद की ओर मार्च करने लगे तब पुलिस ने लाठीचार्ज शुरू कर दिया। वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि युवक किस तरह से पुलिस के बीच घिरा हुआ है और पुलिस चारों-तरफ से उसपर लगातार लाठियां बरसा रही है। गुस्से में युवक को पुलिस से यह भी कह रहा है कि मारो सर...और मारो। इसके बावजूद भी पुलिस उस युवक को पीटती रही और वह पुलिस के सामने डट कर खड़ा रहा।
संसद मार्च शुरू होते ही कॉकरोच जनता पार्टी के मुख्य प्रवक्ता सौरव दास को पुलिस द्वारा डिप्टी कमिश्नर के दफ्तर ले जाया गया। उन्होंने कहा कि हमारी (सरकार के साथ) बातचीत चल रही है। इससे पहले उन्होंने कहा था कि प्रशासन सरकार के साथ बातचीत शुरू करने की कोशिश कर रहा है। वे बहुत देर से आए हैं, लेकिन हमने खुले दिल से कहा है कि हम उनसे बात करने को तैयार हैं। अभी तक उनकी तरफ से कोई साफ बात नहीं कही गई है। अब फैसला उन्हें करना है। उन्होंने आगे कहा कि सोनम जी, अभी उनकी हालत स्थिर है और वे अपनी भूख हड़ताल जारी रखे हुए हैं।
यह भी पढ़ें: सोनम वांगचुक अनशन खत्म करने को तैयार! संसद मार्च से पहले बड़ा ऐलान, सरकार के सामने रखी 3 शर्तें
उन्होंने देश के उन युवा प्रदर्शनकारियों को अपनी शुभकामनाएं भेजी हैं जो आखिरकार इस बहुत मुश्किल और बेजान सिस्टम के खिलाफ जाग गए हैं, जो उनकी बात बिल्कुल नहीं सुनता। जल्द ही एक शांतिपूर्ण मार्च निकाला जाएगा। शांतिपूर्ण प्रदर्शनकारी पिछले 30 दिनों से यहां जमा हैं और हमने दिखाया है कि शांतिपूर्ण तरीके से विरोध कैसे किया जाता है और अपनी बात कैसे रखी जाती है।