Ashutosh Ranka CJP Protest: दिल्ली में जंतर-मंतर पर प्रदर्शन बढ़ता जा रहा है। भारी बारिश के बाद भी प्रदर्शनकारी डटे हुए है। इस बीच प्रदर्शन कर रहे कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के राष्ट्रीय प्रवक्ता आशुतोष रंका का बड़ा बयान सामने आया है। उन्होंने कहा, "यह भारत के आजादी के बाद के इतिहास का सबसे बड़ा आंदोलन है। हमने बहुत साफ तौर पर कहा है कि 20 तारीख को जो हुआ, वह सिर्फ एक ट्रेलर था। अगर सरकार नहीं मानती है, तो लाखों और लोग दिल्ली आएंगे क्योंकि इस बार हम पीछे नहीं हटेंगे और चुप नहीं रहेंगे।
सरकार को सच में संभलने की जरूरत है, वरना इस देश के युवा उन्हें बुरी तरह सत्ता से बेदखल कर देंगे। एक नैरेटिव बनाने की कोशिश की जा रही है कि हम शांतिपूर्ण नहीं रहेंगे, लेकिन हम शांतिपूर्ण ही हैं। 20 तारीख का मार्च भी शांतिपूर्ण था, लेकिन अफरा-तफरी सिर्फ उस जगह मची जहां पुलिस ने बर्बरता की और छात्रों को पीटा। युवा यहां 31 दिनों से शांति से बैठे हैं क्योंकि हम गांधी और अंबेडकर के सिद्धांतों का पालन करते हैं।"
उन्होंने यह भी कहा, "हमने एक बहुत साफ मांग रखी है और अभिजीत दीपके ने इस बारे में बात की थी। हम किसी भी प्रदर्शनकारी के खिलाफ कोई भी FIR या भविष्य में होने वाली FIR दर्ज नहीं होने देंगे। इसके बिना यह विरोध प्रदर्शन खत्म नहीं होगा।
सीजेपी के प्रवक्ता आशुतोष रंका ने आगे कहा, कि "जहां तक हमारी टीम के नेतृत्व की बात है, हम किसी FIR से नहीं डरते। हम पहले दिन से ही UAPA और NSA के तहत गिरफ्तार होने के लिए तैयार हैं। हमारी लड़ाई के लिए जेल जाना एक छोटी सी कीमत है। चाहे कोई भी राजनीतिक पार्टी हो, भले ही वे BJP के लोग हों, उन्हें साथ आना चाहिए क्योंकि यह एक बहुत बड़ा आंदोलन है और मांग जायज है। हम उन सभी का स्वागत करते हैं।"
यह भी पढ़ें - राहुल गांधी के खिलाफ धरने पर बैठेगी BJP, कांग्रेस मुख्यालय का करेगी घेराव, आज देशव्यापी प्रदर्शन की तैयारी
आपको जानकारी दें कि सीजेपी के प्रदर्शन में देश भर से नेता और अभिनेता शामिल हो रहे है। बीते दिन कांग्रेस के प्रधानमंत्री आवास के बाहर धरना प्रदर्शन के बाद महाराष्ट्र से शिवसेना यूबीटी के प्रमुख उद्धव ठाकरे अपने नेताओं के साथ जंतर-मंतर पहुंचे थे। यहां उन्होंने छात्रों से चिंगारी न बुझने देने की अपील की थी और साथ ही आश्वासन दिया था कि पूरा महाराष्ट्र उनके प्रदर्शन के साथ खड़ा है। ऐसे में अब यह देखना होगा कि सीजेपी का अगला कदम क्या होगा।