Air India Flight Turbulence News: दिल्ली में एयर इंडिया फ्लाइट में टर्बुलेंस में कई यात्री घायल हो गए है। एयर इंडिया विमान फुकेट से दिल्ली आ रहा था। एयर इंडिया की फ्लाइट नंबर AI2379 की सुरक्षित लैंडिंग की गई और घायलों को तुरंत मेडिकल सुविधा दी गई।
एयर इंडिया ने पुष्टि की है कि 4 अगस्त को फुकेत से दिल्ली जाने वाली फ्लाइट AI2379 को उड़ान के दौरान कुछ समय के लिए टर्बुलेंस (हवा के झटकों) का सामना करना पड़ा, जिससे विमान की ऊंचाई में अचानक थोड़ा बदलाव आया। विमान दिल्ली में सुरक्षित रूप से उतर गया और सभी यात्री व क्रू सदस्य सुरक्षित बाहर आ गए।
मिली जानकारी के अनुसार, यह टर्बुलेंस इतना जोरदार था कि जिन यात्रियों ने सीट बेल्ट नहीं लगाया था, वे अपनी सीट से ही उछल पड़े।
एयर इंडिया के अनुसार, अभी तक किसी को गंभीर चोट नहीं आई है। जिन कुछ यात्रियों और क्रू सदस्यों को मामूली चोटें आई हैं और जिन्हें मेडिकल जांच की जरूरत है, उन्हें एहतियात के तौर पर जांच और देखभाल के लिए एयर इंडिया की एयरपोर्ट टीम और मेडिकल स्टाफ द्वारा एयरपोर्ट पर ही मेडिकल सुविधा केंद्र ले जाया गया है।
एयर इंडिया ने कहा कि यात्रियों और क्रू की सुरक्षा और भलाई एयर इंडिया के लिए सबसे जरूरी है। हम प्रभावित लोगों को हर जरूरी मदद दे रहे हैं और जांच के सिलसिले में संबंधित अधिकारियों के साथ पूरा सहयोग कर रहे हैं।
इससे पहले जून में दिल्ली से रायपुर जा रहा एयर इंडिया का एक विमान रायपुर एयरपोर्ट पर लैंडिंग के दौरान बर्ड हिट (पक्षी टकराने) की घटना का शिकार हो गया। हालांकि, विमान सुरक्षित रूप से उतर गया और इस घटना में किसी यात्री या चालक दल के सदस्य के घायल होने की कोई सूचना नहीं है।
रायपुर एयरपोर्ट प्राधिकरण के अनुसार, विमान रनवे पर उतरने के दौरान एक पक्षी से टकरा गया। घटना के बाद एयर इंडिया ने निर्धारित मानक संचालन प्रक्रिया (एसओपी) के तहत विमान की तकनीकी जांच और सुरक्षा संबंधी सभी आवश्यक निरीक्षण कराए।
एयरपोर्ट अधिकारियों ने बताया कि विमान की विस्तृत जांच स्थापित विमानन सुरक्षा मानकों के अनुरूप की गई और सभी आवश्यक प्रक्रियाएं पूरी होने के बाद उसे आगे के परिचालन के लिए मंजूरी दे दी गई। इसके बाद विमान अपने निर्धारित गंतव्य के लिए रवाना हो गया।