Highlights
दिल्ली पुलिस के एसीपी मनस्वी वशिष्ठ को सस्पेंड किया
पुलिस मुख्यालय के बार विरोध प्रदर्शन का नेतृत्व किया था
पुलिस और वकील के बीच विवाद को लेकर प्रदर्शन हुआ था
Delhi Police And Lawyers Disputes: दिल्ली पुलिस के एसीपी मनस्वी वशिष्ठ, जिन्होंने सोमवार को दिल्ली पुलिस मुख्यालय के बाहर हुए विरोध प्रदर्शन का नेतृत्व किया था, उन्हें निलंबित कर दिया गया है।
यह कदम तब उठाया गया है जब सोमवार को दिल्ली पुलिस के कई अधिकारी, जिनमें हाल ही में स्थानांतरित हुए गांधी नगर के सहायक पुलिस आयुक्त (ACP) वशिष्ठ भी शामिल थे। जय सिंह रोड स्थित पुलिस मुख्यालय के बाहर इकट्ठा हुए। वे पूर्वी दिल्ली के शाहदरा में वकीलों के साथ हाल ही में हुए टकराव के मामले को लेकर पुलिस आयुक्त अनुराग कुमार से मिलना चाहते थे।
वकील ललित बंसल पर हुए हमले के मामले को संभालने के तरीके को लेकर शहर के वकीलों ने अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू कर दी, जिसके बाद ACP वशिष्ठ और शाहदरा पुलिस स्टेशन के SHO अरुण कुमार का तबादला कर दिया गया।
पिछले हफ्ते हड़ताल पर गए वकीलों का आरोप था कि जब वे बंसल पर हुए हमले के मामले में आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग करने पुलिस स्टेशन गए, तो ACP और SHO ने उन्हें धमकाया।
सोमवार को विरोध प्रदर्शन का नेतृत्व करते हुए वशिष्ठ ने कहा कि उनकी मांग पुलिस कमिश्नर से मिलने की है।
सोमवार को "भारत माता की जय" और "पुलिस एकता जिंदाबाद" के नारों के बीच वशिष्ठ ने कहा कि हमारी मांगें साफ हैं। हमें CP सर से मिलना है। ऐसे मामलों से निपटने के लिए एक SOP होनी चाहिए। अगर हमारे साथ ऐसा हो सकता है, तो हम शहर के लोगों को बचाने के लिए कैसे लड़ पाएंगे?"
प्रदर्शन के बाद पुलिस कमिश्नर अनुराग कुमार ने पुलिस मुख्यालय में संपर्क सभा आयोजित की। इसमें उन्होंने अलग-अलग रैंक के पुलिसकर्मियों और वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बातचीत की। इसके बाद ACP मनस्वी वशिष्ठ के नेतृत्व में करीब सात पुलिसकर्मियों के प्रतिनिधिमंडल ने कमिश्नर को अपनी पांच मांगें सौंपीं।
पुलिसकर्मियों की पांच प्रमुख मांगे:
अदालत परिसरों में कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए विशेष पुलिस टीम तैनात की जाए, जो विरोध प्रदर्शन या हमले जैसी परिस्थितियों से निपट सके।
यदि पांच से अधिक वकील किसी पुलिस थाने में घुसकर गुंडागर्दी करते हैं तो उनके खिलाफ FIR दर्ज की जाए।
पुलिस थानों के बाहर पुलिसकर्मियों को कथित तौर पर धमकाने या उनके साथ दुर्व्यवहार करने वाले वकीलों पर कार्रवाई करने की थी।
ऐसे मामलों में दोषी पाए जाने वाले वकीलों के लाइसेंस रद्द कराने की कार्रवाई सुनिश्चित करने की बात कही गई।
शाहदरा थाने की घटना से संबंधित वकीलों के खिलाफ दर्ज FIR में चार्जशीट दाखिल करने की थी।
शाहदरा में पुलिस और वकीलों के बीच विवाद को लेकर दिल्ली पुलिस मुख्यालय में ACP मनस्वी वशिष्ठ के विरोध-प्रदर्शन पर वकीलों ने तीखी प्रतिक्रिया दी है। वकीलों ने ACP से माफी की मांग की है।