Abhijit Dipke Statement: दिल्ली के जंतर-मंतर से एक्टिविस्ट सोनम वांगचुक को आज सुबह दिल्ली पुलिस जबरन अस्पताल ले गई है। साथ ही जंतर-मंतर पर सभी प्रदर्शनकारियों को हटाया जा रहा है। सूत्रों के अनुसार, एक्टिविस्ट सोनम वांगचुक को सफदरजंग अस्पताल ले जाया गया है। उन्हें इमरजेंसी में भर्ती कराया गया है। वे होश में हैं और उनके वाइटल्स (महत्वपूर्ण स्वास्थ्य पैरामीटर) स्थिर हैं।
इस पूरी अफरा-तफरी के बीच कॉकरोच जनता पार्टी के संस्थापक अध्यक्ष अभिजीत दीपके नदारद रहे। इस पर दिल्ली में जंतर-मंतर में प्रदर्शनकारियों में से एक ने कहा, "सुबह-सुबह, उन्होंने लगभग दस पुलिस वालों को भेजा और दावा किया कि वे मेडिकल टीम हैं। हमें पता चल गया कि वे पुलिस वाले हैं क्योंकि वे डॉक्टर जैसे नहीं लग रहे थे और उन्होंने सभी वॉलंटियर्स को एक तरफ हटने के लिए कहा। हमने उनसे इंतजार करने का अनुरोध किया, लेकिन अचानक उन्होंने घोषणा की कि हाई कोर्ट का आदेश है कि सोनम सर को ले जाना है।"
उन्होंने आगे बताया कि, "इसी बीच, अभिजीत वॉशरूम गए थे। मुझे लगता है कि उन्हें भी गिरफ्तार कर लिया गया है, इसीलिए वे यहां नहीं आ पा रहे हैं और उनका फोन भी नहीं लग रहा है। सभी पुलिस वाले सादे कपड़ों में थे। पुलिस वालों ने प्रदर्शनकारियों को मारा-पीटा है।"
अभिजीत दीपके के गायब होने की खबरों के बीच वे सामने आए। उन्होंने दावा किया जब वे जंतर-मंतर वापस आ रहे थे तो पुलिस ने उनसे मारपीट की। कॉकरोच जनता पार्टी के संस्थापक अध्यक्ष अभिजीत दीपके ने बताया, "सुबह 7 बजे जब मैं फ्रेश होने के लिए बाहर निकला, तो पुलिस के गुंडे वहां आ गए। वे सोनम सर को गालियां देते हुए घसीटकर ले गए। 60 साल के एक व्यक्ति, जो 20 दिनों से भूख हड़ताल पर थे और जिन्होंने कुछ भी नहीं खाया था, उन्हें दिल्ली पुलिस जबरदस्ती घसीटकर ले गई।"
अभिजीत दीपके ने उनके साथ हुई मारपीट के बारे में बताते हुए कहा, "हमें नहीं पता कि वे उन्हें कहां ले गए हैं। जब मुझे यह खबर मिली और मैं अपने दोस्त के घर से जंतर-मंतर जा रहा था, तो पुलिस ने मेरे साथ भी मारपीट की और मुझे घसीटा। ये पुलिस अधिकारी नहीं हैं। ये RSS के गुंडे हैं। मैं विदेश से अपने देश लौटा था। क्या मैं अपराधी हूं? उन्होंने सभी के फोन छीन लिए। वे गुंडे हैं पुलिस नहीं, बल्कि RSS के गुंडे है।"
यह भी पढ़ें - BREAKING: सफदरजंग अस्पताल ले जाए गए सोनम वांगचुक; जंतर-मंतर खाली कराने का VIDEO आया सामने, मची भारी अफरा-तफरी
DCP नई दिल्ली सचिन शर्मा ने कहा, "माननीय हाई कोर्ट के आदेश का पालन करते हुए, और स्वास्थ्य की स्थिति व मेडिकल सलाह के आधार पर, सोनम वांगचुक को जरूरी मेडिकल इलाज के लिए यहां से एक उपयुक्त सरकारी अस्पताल में ले जाया गया है और वे अभी मेडिकल निगरानी में हैं।"
सोनम वांगचुक को अस्पताल ले जाए जाने के बाद जंतर-मंतर पर सुरक्षा बढ़ा दी गई।
पुलिस ने बताया कि शनिवार को एक्टिविस्ट सोनम वांगचुक को अस्पताल ले जाते समय थोड़ी अफरातफरी मचने के बाद जंतर-मंतर और उसके आस-पास, साथ ही नई दिल्ली जिले के कुछ हिस्सों में सुरक्षा बढ़ा दी गई। सोनम वांगचुक 20 दिन की भूख हड़ताल पर थे और इस दौरान उनकी तबीयत बिगड़ गई थी।