सड़क हादसे में दो सगे भाइयों की दर्दनाक मौत।
घटना के बाद परिवार में पसरा मातम।
टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों भाई सड़क पर गिर पड़े।
अंबिकापुर-बिलासपुर नेशनल हाईवे-130 पर हुआ हादसा।
Two Brothers Died in Surguja Road Accident: छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले में गुरुवार रात तेज रफ्तार अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार दो सगे भाइयों की दर्दनाक मौत हो गई। दोनों भाई डांडगांव में आयोजित दसईं करमा देखने घर से निकले थे, लेकिन रास्ते में हादसे का शिकार हो गए। घटना के बाद परिवार में मातम पसरा है, वहीं घाटबर्रा गांव में शोक की लहर है।
जानकारी के मुताबिक, हादसा उदयपुर थाना क्षेत्र में अंबिकापुर-बिलासपुर नेशनल हाईवे-130 पर साल्ही मोड़ के पास गुरुवार रात करीब 8 से 9 बजे के बीच हुआ। मृतकों की पहचान घाटबर्रा निवासी मन्ना राम मझवार (21) और धन्ना राम मझवार (22) के रूप में हुई है। दोनों सगे भाई गुरुवार शाम बाइक से डांडगांव में दसईं करमा देखने जाने के लिए घर से निकले थे। इसी दौरान साल्ही मोड़ के पास एक अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों भाई सड़क पर गिर पड़े। सिर में गंभीर चोट लगने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई। राहगीरों ने घटना की सूचना डायल 112 को दी। टीम मौके पर पहुंची और दोनों की मौत की पुष्टि के बाद शवों को उदयपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा।
हादसे की खबर मिलते ही परिजन अस्पताल पहुंचे। दोनों बेटों की एक साथ मौत से परिवार में चीख-पुकार मच गई। शुक्रवार सुबह पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिए गए। गांव में शोक का माहौल है।
उदयपुर पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। घटनास्थल के आसपास सीसीटीवी कैमरे नहीं होने से वाहन की पहचान में परेशानी आ रही है। पुलिस नेशनल हाईवे के अन्य हिस्सों में लगे कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। हादसे की वास्तविक वजह जांच पूरी होने के बाद स्पष्ट होगी।