गर्भवती महिलाओं के पंजीयन के बाद निजी अस्पताल भेजने का मामला।
कांकेर के अलबेलापारा स्थित जिला मातृ एवं शिशु अस्पताल में मुनाफाखोरी का खेल।
स्वास्थ्य विभाग की कार्यप्रणाली पर उठ रहे गंभीर सवाल।
अचानक आए निजी अस्पताल से आए फोन से परिजन हैरान।
Kanker Government Nursing Hospital Case: सरकारी अस्पताल में बेहतर इलाज की उम्मीद लेकर पहुंचने वाले मरीजों को कथित तौर पर निजी अस्पताल का रास्ता दिखाने का मामला सामने आया है। कांकेर के अलबेलापारा स्थित जिला मातृ एवं शिशु अस्पताल (MCH) में गर्भवती महिलाओं के पंजीयन के बाद निजी अस्पताल से संपर्क किए जाने के आरोप ने स्वास्थ्य विभाग की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
मामले के अनुसार एक गर्भवती महिला का MCH में पंजीयन कराया गया था। आरोप है कि पंजीयन के कुछ ही समय बाद परिजनों के मोबाइल पर एक निजी अस्पताल से फोन आया। फोन करने वाले ने सरकारी अस्पताल में बेहतर इलाज नहीं मिलने की बात कहते हुए गर्भवती महिला को निजी अस्पताल में भर्ती कराने की सलाह दी। अचानक आए इस फोन से परिजन हैरान रह गए। उन्हें आशंका हुई कि सरकारी अस्पताल में पंजीयन के दौरान दी गई व्यक्तिगत जानकारी और मोबाइल नंबर निजी अस्पताल तक कैसे पहुंचे?
इसी दौरान MCH परिसर में एक संदिग्ध व्यक्ति निजी नर्सिंग होम का आईकार्ड लेकर घूमता दिखाई दिया। परिजनों ने उससे पूछताछ की और उसकी मौजूदगी का वीडियो भी बना लिया। यह वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। परिजनों ने पूरे मामले को गंभीर मानते हुए थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई है।
इस घटना के बाद सरकारी अस्पताल में मरीजों के पंजीयन से जुड़े डेटा की सुरक्षा को लेकर सवाल उठने लगे हैं। आखिर सरकारी अस्पताल में दर्ज गर्भवती महिला की जानकारी निजी अस्पताल तक कैसे पहुंची? क्या अस्पताल परिसर में निजी संस्थानों के प्रतिनिधियों को मरीजों से संपर्क करने की छूट है या फिर इसके पीछे कोई सुनियोजित नेटवर्क काम कर रहा है?
फिलहाल ये जांच के विषय हैं। सरकारी स्वास्थ्य व्यवस्था पर भरोसा करके पहुंचने वाले मरीजों को यदि निजी अस्पतालों में जाने के लिए प्रेरित किया जा रहा है, तो यह बेहद गंभीर मामला है। अब शिकायत के बाद जांच और कार्रवाई पर सबकी नजरें टिकी हैं।