छावनी पुलिस ने किया लूटकांड का खुलासा।
आरोपी के कब्जे से एयर गन, कैंची और 1,250 रुपये नकद बरामद।
पिस्टलनुमा एयर गन दिखाकर वारदात को दिया अंजाम।
देशी कंपोजिट शराब भट्टी के आहाते का मामला।
Durg Police Expose Robbery Case: दुर्ग जिले के छावनी थाना क्षेत्र में पिस्टलनुमा एयर गन दिखाकर आहाता के गल्ले से नकदी लूटने वाले आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी ने गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी और गल्ले से 5,400 रुपये निकालकर फरार हो गया था। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल की गई काले रंग की एयर गन, एक कैंची और 1,250 रुपये नकद बरामद किए हैं। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, प्रार्थी जैकी जायसवाल (31 वर्ष), निवासी साईं नगर, कैंप-01, भिलाई ने 23 अक्टूबर को थाना छावनी में शिकायत दर्ज कराई थी। प्रार्थी ने बताया कि 22 अक्टूबर की शाम करीब 7:30 बजे वह साक्षरता चौक के सामने स्थित देशी शराब भट्टी के आहाते में बैठकर ग्राहकों को सामान दे रहा था। इसी दौरान आरोपी गोपी तिवारी वहां पहुंचा और गाली-गलौज करते हुए गल्ले में हाथ डालकर रुपये निकालने लगा।
प्रार्थी ने जब इसका विरोध किया, तो आरोपी ने अपने पास रखी काले रंग की पिस्टलनुमा एयर गन दिखाकर उसे जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद आरोपी गल्ले से 5,400 रुपये नकद लेकर मौके से फरार हो गया।
घटना की रिपोर्ट पर थाना छावनी पुलिस ने बीएनएस की धारा 296, 309(4) एवं आर्म्स एक्ट की धारा 28 के अंतर्गत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की। जांच के दौरान पुलिस ने आरोपी गोपी तिवारी (27 वर्ष), निवासी उड़िया मोहल्ला, कैंप-02, भिलाई को पकड़कर पूछताछ की। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में आरोपी ने वारदात करना स्वीकार किया।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से निम्न सामग्री बरामद की है।
- एक काले रंग की पिस्टलनुमा एयर गन।
- एक कैंची।
- 1,250 रुपये नकद।