दिनेश मिरानिया अंतिम विदाई देने पहुंचे मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण देव व अन्य (सोर्स: एक्स@vishnudsai) 
छत्तीसगढ़

Dinesh Mirania Funeral: दिनेश मिरानिया के नाम पर होगा रायपुर में एक सड़क का नाम, अंतिम विदाई में CM साय ने किया ऐलान

जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में आतंकी हमले में जान गंवाने वाले रायपुर के व्यवसायी दिनेश मिरानिया का गुरुवार को अंतिम संस्कार किया गया। सीएम विष्णु देव साय उन्हें श्रद्धांजलि देने के लिए पहुंचे थे।

आकाश मसने

रायपुर: जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में आतंकी हमले में जान गंवाने वाले रायपुर के व्यवसायी दिनेश मिरानिया का गुरुवार को अंतिम संस्कार किया गया। उनकी अंतिम यात्रा में बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए तथा देशभक्ति के नारे लगाते हुए उन्हें श्रद्धांजलि दी। दिनेश मिरानिया का अंतिम संस्कार गुरुवार को रायपुर के मारवाड़ी शमशान घाट पर किया गया।

इस दौरान मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा, वित्त मंत्री ओपी चौधरी, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष किरण सिंह देव, कांग्रेस के पूर्व विधायक कुलदीप जुनेजा समेत अन्य राजनेताओं, वरिष्ठ प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों तथा विभिन्न क्षेत्रों के लोगों ने उन्हें भावभीनी विदाई दी।

दिनेश मिरानिया की शवयात्रा के दौरान उनकी पत्नी बेहोश हो गई थीं। उनके बेटे शौर्य (18) ने उनकी चिता को मुखाग्नि दी। मुख्यमंत्री साय बुधवार को मुंबई में कपड़ा और इस्पात क्षेत्र से जुड़े कार्यक्रमों में शामिल होने तथा निवेशकों से मिलने के लिए दो दिवसीय दौरे पर थे।

छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के समता कॉलोनी निवासी दिनेश अपनी पत्नी और दो बच्चों के साथ अपनी शादी की सालगिरह मनाने के लिए जम्मू-कश्मीर गए थे। मंगलवार को पहलगाम आतंकी हमले में मिरानिया की मौत हो गई।

सीएम साय ने दी श्रद्धांजलि

अधिकारियों ने बताया कि साय ने अपना दौरा बीच में ही खत्म कर दिया और आज सुबह मिरानिया के अंतिम संस्कार में शामिल होने रायपुर पहुंचे। मिरानिया को श्रद्धांजलि देने के दौरान साय ने कहा कि उनका बलिदान व्यर्थ नहीं जाएगा और पाकिस्तान को इसकी कीमत चुकानी होगी। उन्होंने कहा कि रायपुर में एक सड़क या चौराहे का नाम दिनेश मिरानिया के नाम पर रखा जाएगा, जिससे आने वाली पीढ़ियां भी उन्हें याद रखें।

'पाकिस्तान को खामियाजा भुगतना पड़ेगा'

मुख्यमंत्री साय कहा कि आतंकवादियों ने कश्मीर में कायराना हरकत की है और निहत्थे लोगों पर गोली चलाई है। ‘‘हम उनके कायराना कृत्य की कड़ी निंदा करते हैं। छत्तीसगढ़ ने भी अपना एक सपूत खोया है। दिनेश अब हमारे बीच नहीं रहे। आज हम सब उन्हें अंतिम विदाई देने के लिए एकत्र हुए हैं। हम उन्हें अपनी विनम्र श्रद्धांजलि देते हैं। उनका बलिदान व्यर्थ नहीं जाएगा। पाकिस्तान को इस कृत्य का खामियाजा भुगतना पड़ेगा।'' इससे पहले सुबह छत्तीसगढ़ के राज्यपाल रमेन डेका और छत्तीसगढ़ विधानसभा के अध्यक्ष रमन सिंह ने मिरानिया के घर जाकर उन्हें श्रद्धांजलि दी।

आतंकवादी हमले में 28 लोगों की मौत को लेकर छत्तीसगढ़ में पाकिस्तान के खिलाफ गुस्सा देखा जा रहा है। राजधानी रायपुर और राज्य के कई शहरों में लोगों ने जुलूस निकाला तथा पाकिस्तान और आतंकवाद के खिलाफ नारे लगाए। लोगों ने सरकार से आतंकवाद के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

रायपुर शहर की कुछ सड़कों में पाकिस्तान के झंडे तथा आतंकवादियों के फोटो चिपकाए गए हैं, जिसे लोग पैरों तले कुचलकर जा रहे हैं। वहीं कुछ सड़कों पर ‘पाकिस्तान मुर्दाबाद' के नारे लिखे गए हैं।

(एजेंसी इनपुट के साथ)

बिहार छात्र आंदोलन में रौशन आनंद का बड़ा दावा, बोले- एकजुट हो जाओ, तभी खोलूंगा आयोग का ‘काला चिट्ठा’

ओडिशा के पास 24 क्रू मेंबर समेत समुद्र में डूबा जहाज, पारादीप बंदरगाह से 200 नॉटिकल मील दूर हादसा

इधर ब्रजेश पाठक प्रदर्शनकारियों से मिले, उधर अखिलेश यादव ने बताया आरक्षण खत्म करने की साजिश, मचा सियासी बवाल!

यह छात्रों की नहीं, पैसों की गूंज है! राहुल गांधी के कार्यक्रम पर BJP नेता का बड़ा दावा; फॉरेन फंडिंग का आरोप

बाबा रामदेव के आंदोलन पर बृजभूषण का बड़ा तंज, बोले- इस बार सलवार पहनकर मत भागना