कोलाब जलाशय (सोर्स - सोशल मीडिया)
बस्तर

अकवान तूफान से बस्तर में फिर बाढ़ का खतरा, ओड़िशा ने खोला कोलाब डैम का गेट, शबरी नदी किनारे के गांवों पर नजर

Cyclone Akvan In Bastar: सितंबर में भीषण बाढ़, अक्टूबर में अर्नब और नवंबर में मुरासु के बाद अब अकवान तूफान ने बस्तर में खतरे की घंटी बजा दी है। चिंता की वजह ओड़िशा के कोलाब डैम से पानी छोड़ा जाना है।

अजय श्रीवास्तव, चंदू निर्मलकर

HIGHLIGHTS

  • कोंटा के निचले इलाकों से लेकर नदी तटीय बस्तियों तक बढ़ सकती है मुश्किलें।

  • सितंबर की बाढ़ में 22 गांवों के 30 हजार से अधिक लोग हुए थे प्रभावित।

  • अक्टूबर में अर्नब और नवंबर में मुरासु ने बरपाया था कहर।

  • शबरी नदी का जलस्तर बढ़ने पर सुकमा में बाढ़ का खतरा।

Cyclone Akvan Heavy Rain Alert In Bastar: बस्तर में एक के बाद एक चक्रवाती तूफानों ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। सितंबर में भीषण बाढ़, अक्टूबर में अर्नब और नवंबर में मुरासु के बाद अब अकवान तूफान ने एक बार फिर बस्तर में खतरे की घंटी बजा दी है।

इस बार चिंता की वजह ओड़िशा के कोलाब डैम से पानी छोड़ा जाना है। अकवान तूफान के प्रभाव से भारी बारिश की आशंका के बीच ओड़िशा ने कोलाब डैम का एक गेट खोल दिया है। इससे निकलने वाला पानी शबरी नदी में पहुंच रहा है। ऐसे में शबरी नदी का जलस्तर बढ़ने पर सुकमा जिले के नदी तटीय और निचले इलाकों में बाढ़ का खतरा पैदा हो सकता है।

कोरापुट जिले में स्थित अपर कोलाब जलाशय का पांचवां गेट बुधवार शाम करीब 5 बजे एक मीटर खोला गया। जलाशय प्रबंधन ने भारी बारिश की आशंका और जलभराव को नियंत्रित करने के लिए यह कदम उठाया है। जलाशय का जलस्तर 856.12 मीटर दर्ज किया गया था, जबकि इसकी पूर्ण क्षमता 858 मीटर है। डैम से पानी छोड़े जाने और आगामी दिनों में संभावित बारिश को देखते हुए शबरी नदी के जलप्रवाह पर नजर रखना जरूरी हो गया है।

कोंटा के इन इलाकों पर सबसे ज्यादा नजर रखने की जरूरत

शबरी नदी का जलस्तर बढ़ने पर सुकमा जिले का कोंटा क्षेत्र सबसे संवेदनशील हो सकता है। नदी के आसपास बसे निचले इलाकों के अलावा कोंटा नगर के वार्ड क्रमांक 6, 12, 13, 14 और 15 में पहले भी जलभराव की स्थिति सामने आ चुकी है। शबरीनगर, श्रीनगर और लाइनपारा जैसे इलाके भी पिछली बाढ़ के दौरान प्रभावित हुए थे। नदी किनारे की बस्तियों और निचले गांवों में पानी पहुंचने की आशंका को देखते हुए प्रशासन को सतर्क रहने की जरूरत है।

सितंबर 2026 में शबरी नदी में आई बाढ़ इसका उदाहरण है। उस दौरान सुकमा जिले के 22 गांवों के 30,114 लोग प्रभावित हुए थे। कोंटा क्षेत्र में 19 राहत केंद्र बनाए गए थे। वहीं झापरा पुल के ऊपर पानी आने से आवागमन बाधित हुआ था और 12 से अधिक पंचायतों का संपर्क प्रभावित हुआ था।

शबरी नदी का जलस्तर बढ़ने से बाढ़ का खतरा

20 नवंबर को तूफान का असर बढ़ने की आशंका

मौसम विभाग के अनुसार अकवान तूफान 20 नवंबर को उत्तर आंध्र प्रदेश और दक्षिण ओड़िशा के तटवर्ती क्षेत्रों के बीच पहुंच सकता है। इस दौरान 80 से 90 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने और झोंकों की गति 100 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने की संभावना जताई गई है। दक्षिण ओड़िशा में भारी बारिश की आशंका के बीच बस्तर के मौसम और नदी-नालों के जलप्रवाह पर भी इसका असर पड़ सकता है।

सितंबर की तबाही के बाद फिर परीक्षा

बस्तर अभी सितंबर की भीषण बाढ़ से हुए नुकसान से पूरी तरह उबर भी नहीं पाया है। अक्टूबर में अर्नब और नवंबर में मुरासु के प्रभाव से हुई बारिश ने किसानों की परेशानी बढ़ाई। अब अकवान तूफान ने एक बार फिर चिंता बढ़ा दी है। शबरी नदी का जलस्तर बढ़ने की स्थिति में कोंटा और आसपास के नदी तटीय गांवों में जनजीवन प्रभावित हो सकता है। ऐसे में प्रशासन के सामने चुनौती है कि संभावित खतरे को देखते हुए नदी के जलस्तर की लगातार निगरानी की जाए और निचले इलाकों में रहने वाले ग्रामीणों तक समय रहते चेतावनी पहुंचाई जाए।

कावेरी के लिए कड़ा संघर्ष, तमिलनाडु में नदी की रेत में दफन हुए किसान, कर्नाटक सरकार की मेकेदातु बांध पर बवाल

FICCI के शताब्दी सम्मेलन में PM मोदी का संबोधन, बोले- पिछले 12 वर्षों में भारत की अर्थव्यवस्था की तस्वीर बदली

पंतनगर एयरपोर्ट के विस्तारीकरण का रास्ता साफ, SEIAA ने दी मंजूरी; ₹375.33 करोड़ से बनेगा 3,000 मीटर लंबा रनवे

रानी लक्ष्मीबाई: मातृशक्ति के साहस की वह गाथा, जिसने अंग्रेजी हुकूमत की नींव हिला दी

रिकोव वेंचर्स ने जुटाए 56.25 करोड़ रुपये, महाराष्ट्र-कर्नाटक में रिसाइक्लिंग इंफ्रास्ट्रक्चर का विस्तार