ओडिशा और आंध्र प्रदेश के रेल मार्गों पर परिचालन प्रभावित।
ट्रेन रद्द होने से यात्रियों की बढ़ी परेशानी।
चार्लापल्ली-शालीमार एक्सप्रेस देर से होगी रवाना।
बस्तर में 20-21 नवंबर को बारिश की चेतावनी।
Trains cancelled Due To Cyclone Akavan In Bastar: चक्रवात अकवान के प्रभाव को देखते हुए भारतीय रेलवे ने एहतियातन कई ट्रेनों के परिचालन में बदलाव किया है। 19 नवंबर को चलने वाली आठ ट्रेनों को रद्द कर दिया गया है, जबकि तीन एक्सप्रेस ट्रेनों के प्रस्थान समय में बदलाव किया गया है। रेलवे के इस फैसले से ओडिशा और आंध्र प्रदेश के विभिन्न रेल मार्गों पर सफर करने वाले यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।
रेलवे द्वारा जारी सूचना के अनुसार, चार्लापल्ली-शालीमार एक्सप्रेस (18046) को सुबह 8:40 बजे के बजाय दोपहर 3:40 बजे रवाना किया जाएगा। इसी तरह सिकंदराबाद-हावड़ा फलकनुमा एक्सप्रेस (12704) अपने निर्धारित समय दोपहर 3:55 बजे के बजाय शाम 5:55 बजे और एसएमवीटी बेंगलुरु-हावड़ा दुरंतो एक्सप्रेस (12246) सुबह 11:15 बजे के बजाय दोपहर 1:45 बजे रवाना होगी।
चक्रवात के मद्देनजर आठ ट्रेनों को पूरी तरह रद्द कर दिया गया है। इनमें भुवनेश्वर-पलासा मेमू (68419), पलासा-भुवनेश्वर मेमू (68420), कटक-पलासा मेमू (68445), पलासा-कटक मेमू (68446), कटक-गुनुपुर मेमू (68433), गुनुपुर-कटक मेमू (68434), विशाखापत्तनम-ब्रह्मपुर (58532) और ब्रह्मपुर-विशाखापत्तनम (58531) शामिल हैं।
रेलवे ने यात्रियों से यात्रा पर निकलने से पहले संबंधित ट्रेन की स्थिति और संशोधित समय की जानकारी लेने की अपील की है। चक्रवात के प्रभाव को देखते हुए आगे भी रेल परिचालन में बदलाव की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता।
नवंबर की शुरुआत में चक्रवाती तूफान मुरासु के प्रभाव से मौसम प्रभावित हुआ। अब बंगाल की खाड़ी में सक्रिय अकवान को लेकर मौसम विभाग ने दक्षिण छत्तीसगढ़ के लिए नई चेतावनी जारी की है। 18 नवंबर के मौसम पूर्वानुमान के अनुसार, बस्तर, कोंडागांव, दंतेवाड़ा, सुकमा, बीजापुर और नारायणपुर में 20 और 21 नवंबर को भारी बारिश की संभावना है।
कांकेर जिले में 21 नवंबर को भारी बारिश का अलर्ट है। कुछ स्थानों पर गरज-चमक, बिजली गिरने और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की आशंका भी जताई गई है।
अकवान के 20 नवंबर के आसपास आंध्र प्रदेश और यनम के तट को प्रभावित करने का अनुमान है। तटीय इलाकों में तूफान की हवा की गति काफी अधिक रहने की संभावना है, लेकिन बस्तर में इसका प्रभाव मुख्य रूप से बारिश और तेज हवाओं के रूप में सामने आने का पूर्वानुमान है।