मांदरकोंटा गुफा में स्टूडेंट्स (सोर्स- नवभारत लाइव)
बस्तर

बस्तर के जंगलों में छिपा है प्रकृति का अनोखा भूमिगत संसार, मांदरकोंटा गुफा में दर्ज है हजारों साल की कहानी

Bastar Mandarkonta Cave: प्राकृतिक संसार को करीब से समझने के लिए शहीद महेंद्र कर्मा विश्वविद्यालय के एमए तृतीय सेमेस्टर (भूगोल) के विद्यार्थियों ने मांदरकोंटा गुफा का एक दिवसीय शैक्षणिक भ्रमण किया।

अजय श्रीवास्तव, चंदू निर्मलकर

HIGHLIGHTS

  • छत से लटकते पत्थर, जमीन से उभरते चट्टानी स्तंभ और अद्भुत आकृतियां बनीं आकर्षण का केंद्र।

  • 1947 में हुई थी गुफा की खोज, विदेशी पर्यटक भी पहुंच चुके हैं इस अनूठी गुफा को देखने।

  • मांदरकोंटा गुफा की चट्टानों में पत्थर भी किसी कलाकार की बनाई कलाकृति नजर आते हैं।

  • मौजूद भू-आकृतिक संरचनाएं इसे बस्तर की विशिष्ट प्राकृतिक धरोहर बनाती हैं।

Chhattisgarh Bastar Tourist Places Mandarkonta Cave: बस्तर के घने जंगलों के बीच प्रकृति ने एक ऐसी अद्भुत दुनिया रची है, जहां पत्थर भी किसी कलाकार की बनाई कलाकृति नजर आते हैं। कहीं गुफा की छत से पत्थरों की नुकीली आकृतियां लटकती दिखाई देती हैं तो कहीं जमीन से उठते चट्टानी स्तंभ एक-दूसरे से मिलकर अनोखा आकार बनाते हैं। चूना पत्थर की चट्टानों से बनी दरभा ब्लॉक के मादरकोंटा गांव की मांदरकोंटा गुफा प्रकृति की इसी अनूठी कारीगरी का उदाहरण है। करीब 300 मीटर लंबी इस गुफा में मौजूद भू-आकृतिक संरचनाएं इसे बस्तर की विशिष्ट प्राकृतिक धरोहर बनाती हैं।

इसी प्राकृतिक संसार को करीब से समझने के लिए शहीद महेंद्र कर्मा विश्वविद्यालय के एमए तृतीय सेमेस्टर (भूगोल) के विद्यार्थियों ने मांदरकोंटा गुफा का एक दिवसीय शैक्षणिक भ्रमण किया। भूगोल अध्ययनशाला के विभागाध्यक्ष प्रोफेसर एमएस मिश्रा के निर्देशन में आयोजित इस भ्रमण का नेतृत्व डॉ. राकेश कुमार खरवार ने किया।

पत्थरों में दिखती है प्रकृति की अद्भुत कलाकारी

गुफा के भीतर विद्यार्थियों को भूगोल की किताबों में पढ़ी जाने वाली कई महत्वपूर्ण भू-आकृतिक संरचनाओं को प्रत्यक्ष देखने का अवसर मिला। यहां चूना पत्थर से बनी स्टैलेक्टाइट यानी छत से लटकती संरचनाएं और स्टैलेग्माइट यानी जमीन से ऊपर उठती संरचनाएं विशेष आकर्षण का केंद्र हैं। इनके अलावा कंदरा स्तंभ और लैपीज जैसी आकृतियां भी मौजूद हैं।

बस्तर मांदरकोंटा गुफा

रासायनिक प्रक्रिया अनोखी संरचनाओं को आकार देती

दरअसल, चूना पत्थर की चट्टानों में पानी का रिसाव और उसमें घुली कार्बन डाइऑक्साइड के साथ होने वाली रासायनिक प्रक्रिया धीरे-धीरे इन अनोखी संरचनाओं को आकार देती है। पानी की बूंदों के साथ आने वाले खनिज पदार्थ गुफा की छत और फर्श पर जमा होते रहते हैं। लंबे समय में यही जमाव पत्थर की खूबसूरत आकृतियों और स्तंभों का रूप ले लेता है। गुफा की चट्टानी संरचनाएं इस प्राकृतिक प्रक्रिया को और भी आकर्षक बनाती हैं।

1947 में ग्रामीण लखमा सोढ़ी ने खोजी थी गुफा

मांदरकोंटा गुफा की कहानी भी कम दिलचस्प नहीं है। स्थानीय वाद्य यंत्र मांदर के नाम पर पहचान पाने वाली इस गुफा की खोज वर्ष 1947 में लखमा सोढ़ी नामक ग्रामीण ने की थी। लंबे समय तक इसकी जानकारी मुख्य रूप से आसपास के ग्रामीणों तक ही सीमित रही। वर्ष 2020 के आसपास यह गुफा व्यापक रूप से चर्चा में आई और धीरे-धीरे पर्यटकों की आवाजाही बढ़ने लगी।

बस्तर मांदरकोंटा गुफा

गुफा को पर्यटन से जोड़ने के लिए स्थानीय युवाओं की पर्यटन समिति भी बनाई गई थी। यहां आने वाले पर्यटकों को स्थानीय युवा गुफा की सैर कराने के साथ आसपास के प्राकृतिक परिवेश से भी परिचित कराते रहे हैं। वर्ष 2023 में यहां फ्रांस और जर्मनी के पर्यटकों सहित छह विदेशी पर्यटकों के पहुंचने की जानकारी भी सामने आई थी।

जगदलपुर से करीब 35 किलोमीटर दूर, ऐसे पहुंचें गुफा तक

मांदरकोंटा गुफा तक पहुंचने के लिए जगदलपुर से सड़क मार्ग का इस्तेमाल किया जा सकता है। जगदलपुर से केशलूर चौक होते हुए नेगानार की ओर जाना होता है। इसके बाद चिड़पाल, चिकलकोटा और धुरवारास होते हुए मादरकोंटा गांव पहुंचा जा सकता है।

गांव से आगे स्थानीय रास्ते के जरिए गुफा तक पहुंचा जाता है। जगदलपुर से इसकी दूरी करीब 35 से 40 किलोमीटर बताई जाती है। जंगल और गुफा के भीतर की प्राकृतिक बनावट को देखते हुए स्थानीय गाइड की सहायता से भ्रमण करना बेहतर है।

प्रकृति के साथ आदिवासी आस्था का भी केंद्र

मांदरकोंटा गुफा की विशेषता केवल इसकी भूगर्भीय संरचनाएं नहीं हैं। यह स्थानीय आदिवासी समुदाय की परंपराओं और आस्था से भी जुड़ी हुई है। यहां पारंपरिक पूजा-अर्चना और जात्रा का आयोजन किया जाता है। इस तरह यह गुफा प्राकृतिक विरासत के साथ बस्तर की सांस्कृतिक पहचान को भी अपने भीतर समेटे हुए है।

विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों के लिए यह भ्रमण केवल पर्यटन तक सीमित नहीं रहा, बल्कि प्राकृतिक भू-आकृतियों के निर्माण, चूना पत्थर की विशेषताओं और स्थानीय भौगोलिक परिस्थितियों को समझने का व्यावहारिक अवसर बना। बस्तर के जंगलों में मौजूद ऐसी प्राकृतिक धरोहरें यह बताती हैं कि इस अंचल की पहचान केवल जलप्रपातों और घने जंगलों तक सीमित नहीं, बल्कि धरती के भीतर छिपे अद्भुत संसार तक फैली हुई है।

विदेश में नौकरी के नाम पर ठगी का आरोपी कुलदीप कपूर बड़ौत से गिरफ्तार, 2023 से था उद्घोषित अपराधी

सौरव दास के खिलाफ LOC जारी, नागरिकता पर भी पड़ सकता है असर? दिल्ली हाईकोर्ट में केंद्र का बयान

UP Election 2027: अमेठी-रायबरेली में ज्यादा मजबूत कौन है? समाजवादी पार्टी या कांग्रेस

26/11 Attack: देश के सर्वोच्च बलिदान को सलाम, देश के दिग्गजों ने शहीदों को दी श्रद्धांजलि, कहा- जीरो टॉलरेंस

26/11 Mumbai Terror Attack: ताज होटल से CST तक, 26/11 मुंबई हमले की 9 बड़ी बातें