पति और बेटे के बाद कारोबारी की पत्नी ने तोड़ा दम।
करंट हादसे ने उजाड़ दिया परिवार।
वर्षा का रायपुर में चल रहा था इलाज।
एक-दूसरे को बचाने की कोशिश में तीनों की दर्दनाक मौत।
Baloda Bazar Father Son Electrocute: छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार शहर में शुक्रवार की सुबह हुए करंट हादसे में एक परिवार को उजाड़ दिया। पिता और बेटे की मौत के बाद गंभीर रूप से घायल कारोबार की पत्नी वर्षा गुप्ता की मौत हो गई। वर्षा का रायपुर के एक निजी अस्पताल में उपचार चल रहा था। वहीं आज उपचार के दौरान दम तोड़ दिया।
बता दें कि घर में सफाई के दौरान लोहे के पाइप में करंट प्रवाहित होने से कारोबारी राकेश गुप्ता, उनकी पत्नी वर्षा गुप्ता और 22 वर्षीय पुत्र मोनू गुप्ता करंट की चपेट में आकर गंभीर रूप से झुलस गए थे। एक-दूसरे को बचाने की कोशिश में तीनों हादसे का शिकार हो गए थे। इस दर्दनाक हादसे में शुक्रवार को राकेश गुप्ता और उनके पुत्र मोनू गुप्ता की मौत हो गई थी। वहीं आज वर्षा गुप्ता ने भी उपचार के दौरान दम तोड़ दिया।
जानकारी के अनुसार घटना के तुरंत बाद सभी घायलों को आनन-फानन में जिला अस्पताल बलौदा बाजार ले जाया गया। वहां डॉक्टरों ने प्राथमिक जांच के बाद राकेश गुप्ता और उनके बेटे ओम गुप्ता को मृत घोषित कर दिया। इस हादसे में राकेश गुप्ता की पत्नी वर्षा गुप्ता भी गंभीर रूप से झुलस गईं। डॉक्टरों ने उनकी नाजुक स्थिति को देखते हुए तुरंत इलाज शुरू कर दिया। गंभीर हालत में वर्षा को रायपुर रेफर किया।
एक ही परिवार के तीन सदस्यों की अचानक हुई मौत से बलौदा बाजार शहर सन्न रह गया है। राकेश गुप्ता शहर के जाने-माने कपड़ा कारोबारी थे। इस हादसे के बाद पूरे इलाके और व्यापारिक समुदाय में गहरा शोक छा गया है। जैन मंदिर के आसपास का माहौल पूरी तरह से गमगीन हो गया है। स्थानीय प्रशासन और पुलिस की टीम भी मौके पर पहुंचकर मामले की जांच में जुट गई है। अधिकारियों का कहना है कि बिजली के तार में शॉर्ट सर्किट (Short Circuit) या रेलिंग के पास से गुजर रही मेन लाइन के संपर्क में आने से यह दुर्घटना हुई होगी। पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है।